February 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ 2047 तक विकसित भारत का रोडमैप तय, संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति में गूंजा राष्ट्र प्रथम का मंत्र

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठनात्मक मजबूती, ‘मोदी की गारंटी’ की उपलब्धियों और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने का स्पष्ट रोडमैप तय किया गया। बैठक में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जन-जन तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया गया।
2047 तक विकसित भारत हमारा लक्ष्य – विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को पूर्ण करना है। इसके लिए संगठन के सभी मोर्चों—युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक—को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

 

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके देशभर में 14 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता और प्रदेश में लगभग 60 लाख सदस्य तथा 80 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं। यह विशाल संगठन शक्ति ही हमारे संकल्पों को जमीन पर उतारने की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मात्र दो वर्षों में ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, हर पंचायत में औसतन 300 मकान बन रहे हैं और 10 लाख से अधिक परिवार गृह प्रवेश कर चुके हैं। किसानों के हित में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है तथा 25.24 लाख किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की अंतर राशि होली से पहले जमा की जाएगी।
महिला सशक्तीकरण के तहत ‘महतारी वंदन योजना’ से 70 लाख से अधिक माताओं को प्रतिमाह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए पारिश्रमिक, भूमिहीन कृषकों को 10 हजार रुपए वार्षिक सहायता, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा दर्शन योजना की शुरुआत, जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पीएम जन-मन योजना के अंतर्गत 24 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान—इन सभी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सराहना मिल रही है और खेलो इंडिया के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार की योजनाओं की चर्चा हर घर और हर गली में होनी चाहिए।
राष्ट्र प्रथम की भावना से ही बनेगा विश्वगुरु भारत – अजय जम्वाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने संगठन की शक्ति और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी आज विश्व की नंबर वन राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, लेकिन हमारा वास्तविक लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और ‘विश्वगुरु’ बनाना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की तीव्र प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र का संकल्प तभी पूरा होगा जब प्रत्येक कार्यकर्ता ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ जनता के बीच जाएगा। राष्ट्र प्रथम की भावना, सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामूहिकता ही हमारी पहचान है। समयबद्ध कार्य और संगठनात्मक अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
भाजपा कार्यक्रम आधारित पार्टी – किरण देव
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा ‘कार्यक्रम आधारित’ दल है, जहाँ सालभर सेवा और संगठन के कार्य चलते रहते हैं। 17 फरवरी से प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला प्रारंभ हो रही है, जिसमें नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, कार्यशैली और वैचारिक आधार से परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के बजट के बाद अब प्रदेश के बजट को भी बूथ स्तर तक पहुंचाना है। युवाओं और महिलाओं को लोक-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना आवश्यक है, ताकि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार होने के कारण कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। सत्ता में रहते हुए भी संतुलित, मर्यादित और अनुशासित व्यवहार हमारी पहचान है।

 

 

इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं यशवंत जैन ने किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मख्मूर इकबाल सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संयुक्त मोर्चा की यह प्रदेश कार्यसमिति बैठक केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और अधिक धारदार बनाने, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत राजनीतिक और संगठनात्मक घोषणा के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.