February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘यूनाइटेड बाय यूनीक’ थीम पर वर्ल्ड कैंसर डे: लायंस क्लब एवरेस्ट का जनजागरण अभियान, आयुर्वेद–योग शिविर में कैंसर से लड़ने का संकल्प

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा/जैजैपुर,4 फरवरी 2026
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “अवेयरनेस ऑफ पीडियाट्रिक कैंसर” के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत वर्ल्ड कैंसर डे 2026 की थीम “यूनाइटेड बाय यूनीक” पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट (क्लब नंबर 096456) के तत्वावधान में स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर पर जनजागरूकता कार्यक्रम तथा निःशुल्क आयुर्वेद–योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन पतंजलि आरोग्य केंद्र, जैजैपुर में किया गया।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित अंचल के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव लायन नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जीवनशैली में सुधार पर जोर देते हुए जंक फूड, फास्ट फूड, गुटखा, गुड़ाखु एवं तंबाकू के सेवन को कैंसर का प्रमुख कारण बताया और उपस्थितजनों को इन नशों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। साथ ही धूम्रपान एवं मद्यपान से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी जागरूक किया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सकारात्मक सोच और परिवार–समाज का सहयोग कैंसर से लड़ाई में मरीजों को मानसिक संबल देता है। इस वर्ष की थीम “यूनाइटेड बाय यूनीक” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि कैंसर के विरुद्ध जंग केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि मरीज के साथ खड़े होकर, उसे हौसला देकर और सामाजिक सहयोग से जीती जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि निराशा से रोगी की स्थिति प्रभावित हो सकती है, इसलिए सकारात्मकता का वातावरण बेहद जरूरी है।
शिविर में उपस्थित लोगों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई। साथ ही हल्दी, गिलोय, नीम, तुलसी, अदरक, लहसुन एवं व्हीटग्रास जैसे प्राकृतिक तत्वों को स्वास्थ्यवर्धक बताते हुए इनके नियमित सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया। शिविरार्थियों को सभी प्रकार के कैंसर के लिए उपयोगी बताए गए “एंटी कैंसर क्वाथ” का निःशुल्क वितरण/पान भी कराया गया।
कार्यक्रम में पतंजलि आरोग्य केंद्र जैजैपुर के संचालक सुरेंद्र यादव, नेत्रनन्दन साहू, अश्विनी बुनकर, लक्की यादव एवं सरिता यादव की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट ने आम नागरिकों से अपील की कि वे नशामुक्त जीवनशैली अपनाएँ, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएँ, प्रारंभिक लक्षणों पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और कैंसर पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता एवं सहयोग का भाव रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.