संविधान, संस्कृति और सम्मान का भव्य संगम: शासकीय उ.मा. विद्यालय अजगरबहार में हर्षोल्लास से मना 77वां गणतंत्र दिवस






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** अजगरबहार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजगरबहार में 26 जनवरी को भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अजगरबहार के सरपंच श्री नारायण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अनुपमा राजवाड़े ने की।
इस गरिमामय समारोह में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री अमरसिंह कंवर, तहसीलदार श्री लीलाधर ध्रुव, जनप्रतिनिधिगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरक भाषण, समूह गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने मुक्तकंठ से सराहा।
मुख्य अतिथि श्री नारायण सिंह ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य श्रीमती अनुपमा राजवाड़े ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए अनुशासन, परिश्रम एवं राष्ट्रभक्ति को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री लीलाधर ध्रुव ने स्वतंत्रता के पश्चात संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए देश के महान महापुरुषों के योगदान को स्मरण कर उन्हें नमन किया। वहीं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री अमरसिंह कंवर ने भी अपने संबोधन में संविधान की गरिमा एवं उसके मूल्यों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पारितोषिक वितरण कर सम्मानित किया गया। साथ ही संस्था के प्राथमिक खंड में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री हनुमान सिंह उर्रे को जिला स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान हेतु गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया, जिस पर उपस्थित सभीजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता लखनलाल डहरिया, मानसिंह राठिया, गिरधारी लाल यादव, सुभाषचंद्र महतो, अमरसिंह खुराना, के.बी. निमजा, नेहारानी राठौर, गामता साहू, विजय कुमार ठाकुर, प्रताप सिंह कंवर, हेमंत साहू, कृष्णा दास महंत, प्रमिला एक्का, मंजुलता सिंह, शिवकुमार पटेल, नमिता केरकेट्टा, अंजलि सिंह, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, नीरा, शनिराम, नत्थू राम, रांगूराम, कोन्ती सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन वरिष्ठ व्याख्याता श्री लखनलाल डहरिया द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अमरसिंह खुराना ने किया।
उक्त जानकारी श्री मानसिंह राठिया, व्याख्याता द्वारा प्रदान की गई।





