हार्मनी पब्लिक स्कूल दादरखुर्द में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के रंग में रंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हार्मनी पब्लिक स्कूल, दादरखुर्द में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास से परिपूर्ण भव्य आयोजन का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और बच्चों की मनमोहक देशभक्ति प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे नीलू राय द्वारा संपन्न किया गया। इस अवसर पर श्वेता दुबे, गीता, नेहा सिन्हा, सुमन श्रीवास्तव एवं पवन सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया, जिससे समूचे वातावरण में राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हो उठी।

यह गरिमामय कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्या निवेदिता विनायक के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में उप-प्राचार्या अरुणा मसीह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाएँ सीमा साहू, फूल शहजादी, अंजली साहू, आसमा खातून, वर्षा भारद्वाज, अनीता कंवर, अहाना ठाकुर एवं पूनम सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साहपूर्ण प्रदर्शन की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उपहार (गिफ्ट) प्रदान किए गए। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास होता है तथा उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना सुदृढ़ होती है।

प्राचार्या निवेदिता विनायक ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ते हुए एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
समूचा कार्यक्रम सौहार्द, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हार्मनी पब्लिक स्कूल, दादरखुर्द में आयोजित यह गणतंत्र दिवस समारोह सभी उपस्थितजनों के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी अनुभव बन गया।





