कोरबा नगर निगम की साधारण सभा में विकास को मिली रफ्तार, 27 प्रस्ताव पारित, 02 प्रस्तावों पर समिति जांच के बाद होगा निर्णय






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। नगर विकास, जनकल्याण एवं अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ नगर पालिक निगम कोरबा की साधारण सभा का आयोजन पं. जवाहरलाल नेहरू सभागृह में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विषयों पर प्रस्तुत 29 प्रस्तावों में से 27 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 02 प्रस्तावों को होल्ड पर रखते हुए संबंधित समितियों की रिपोर्ट के पश्चात निर्णय लेने का निर्णय लिया गया।
साधारण सभा में शहर के विकास, सामाजिक सरोकार, धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों, स्वच्छता, जल व्यवस्था, पार्किंग, वेंडिंग जोन, उद्यान विकास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सभा द्वारा दादरखुर्द मानिकपुर में सार्वजनिक रथयात्रा आयोजन में सहयोग संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसी क्रम में सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति पुष्टि को भी सदन की मंजूरी मिली।
छत्तीसगढ़ राज्य को वर्ष 2029 तक बाल विवाह मुक्त राज्य बनाए जाने के संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव का भी सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही सेवाभारती को आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव भी सदन द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा डाॅ. भीमराव अंबेडकर ओपन थियेटर, घंटाघर में रामलीला एवं दशहरा उत्सव मेला आयोजन संबंधी प्रस्ताव को भी सदन की स्वीकृति मिली। वहीं हेलीपेड पंचमुखी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित निगम के रिक्त भवन को मां सर्वमंगला जनजाति कल्याण केंद्र संचालन हेतु प्रदाय किए जाने संबंधी प्रस्ताव को विधिक सलाहकार समिति की जांच रिपोर्ट आने तक होल्ड पर रखा गया है।
सभा में नेत्रदान व देहदान करने वाले परिजनों के सम्मान संबंधी प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में भारती टेलीकॉम, जियो, वोडाफोन आइडिया एवं बीएसएनएल द्वारा बिछाए गए भूमिगत केबल पर संपत्तिकर आरोपण का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
माइक्रोसेल से जुड़े यूटिलिटी बॉक्स, आईबीएस, वाई-फाई एंटीना अथवा माइक्रोसेल यूनिट जो सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित हैं, उन पर 500 रुपये प्रति स्थान वार्षिक शुल्क निर्धारण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
साधारण सभा में जीएसटी रिफॉर्म लागू करने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने, नगर निगम क्षेत्र के 06 उद्यानों का नामकरण ‘नमो पार्क’ किए जाने, मल्टीलेवल पार्किंग के समीप वेंडिंग जोन स्थापना, तथा उद्यानों के पुनर्विकास, संचालन एवं संधारण हेतु वार्षिक लाइसेंस शुल्क के आधार पर निविदा आमंत्रण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।
जल आवर्धन योजना फेस-1 के संचालन व संधारण से जुड़े कुल 04 प्रस्तावों—निविदा आमंत्रण, समयावधि वृद्धि एवं निविदा स्वीकृति—को भी सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
इसी प्रकार बीओटीपीपी मॉडल अंतर्गत एकीकृत वेंडिंग सुविधा, ईवी स्टेशन, विज्ञापन अधिकार सहित स्मार्ट शौचालय निर्माण संबंधी प्रस्ताव में लाइसेंस अवधि को 30 वर्ष से घटाकर 20 वर्ष करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर निगम की स्व-वित्तीय योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 09 बरबसपुर में नए ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण तथा बुधवारी सर्कस मैदान में अत्याधुनिक कामर्शियल कॉम्पलेक्स निर्माण संबंधी प्रस्ताव को सदन द्वारा पारित किया गया, जिसमें कामर्शियल कॉम्पलेक्स का प्रस्ताव बहुमत से स्वीकृत हुआ।
इसके अतिरिक्त जोगियाडेरा बस्ती के समीप माता कौशिल्या की गोद में पधारे भगवान श्रीराम के मंदिर क्षेत्र को ‘कौशिल्याधाम’ नामकरण, 20 एमएलडी टर्शियरी ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण, 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 100 टीपीडी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, विद्युत प्लांटों में विद्युत निर्यात कर आरोपण, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना एवं वार्ड क्रमांक 48 दर्री बाजार में शेड व कामर्शियल कॉम्पलेक्स निर्माण संबंधी प्रस्तावों को भी सदन की स्वीकृति प्राप्त हुई।
वहीं नगर निगम के जलकर वसूली से संबंधित प्रस्ताव को जलकर सलाहकार समिति की जांच रिपोर्ट आने तक होल्ड पर रखा गया है।
महापौर, सभापति व आयुक्त ने किया नवसज्जित सभा भवन का निरीक्षण
साधारण सभा प्रारंभ होने से पूर्व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय सहित पार्षदगणों ने नवसज्जित निगम सभा भवन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेयर कक्ष, सभापति कक्ष, मेयर इन काउंसिल बैठक कक्ष, पार्षद कक्ष, सभागृह सहित अन्य कक्षों में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की गई।
महापौर श्रीमती राजपूत ने निर्देश दिए कि भविष्य में मेयर इन काउंसिल की बैठकें भी इसी भवन में आयोजित की जाएं। साथ ही भवन के बाहरी परिसर में चल रहे उद्यानिकी, सौंदर्यीकरण एवं अन्य कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए गए।





