कांग्रेस का झूठ बेनकाब, वीबी–जी राम–जी अधिनियम से बौखलाई विपक्ष — मनरेगा घोटालों की सच्चाई छुपाने का असफल प्रयास : किरण बघेल






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि ‘विकसित भारत : जी राम जी अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस लगातार तथ्यों की अनदेखी कर झूठ का प्रचार कर रही है और प्रदेश के किसानों व मजदूरों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वीबी–जी राम–जी अधिनियम के विरोध में कांग्रेस द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन वास्तव में कांग्रेस के किसान और मजदूर विरोधी चरित्र का खुला प्रमाण है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कहा कि मुद्दाविहीन और दिशाहीन कांग्रेस अब तथ्यहीन बयानबाजी के सहारे राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस राजनीतिक पाखंड से भली-भांति परिचित है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करते हुए जन-जन तक सच्चाई पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. बघेल ने स्पष्ट किया कि ‘विकसित भारत : जी राम जी अधिनियम’ मनरेगा का उन्नत, व्यापक और अधिक प्रभावी संस्करण है, जो रोजगार के साथ-साथ टिकाऊ विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के तहत केवल 100 दिनों का सीमित रोजगार मिलता था, जबकि वीबी–जी राम–जी अधिनियम रोजगार सृजन को अधिक व्यापक, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाता है।
उन्होंने कांग्रेस शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि मनरेगा के नाम पर कांग्रेस सरकार में लाखों-करोड़ों रुपये के घोटाले हुए, रोजगार के नाम पर मजदूरों और ग्रामीणों के साथ छल किया गया। कई स्थानों पर लोगों से काम तो लिया गया, लेकिन समय पर भुगतान नहीं किया गया, जिससे गरीब, किसान और मजदूर सबसे अधिक प्रभावित हुए।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस उसी मनरेगा को ढाल बनाकर वीबी–जी राम–जी अधिनियम का विरोध कर रही है, ताकि अपने पुराने घोटालों और विफलताओं पर पर्दा डाला जा सके। लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता कांग्रेस के इस दुष्प्रचार में आने वाली नहीं है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना के तहत लाया गया वीबी–जी राम–जी अधिनियम किसानों, मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, और कांग्रेस का विरोध केवल उसकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।





