January 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

युवा नेतृत्व से संगठन में नई चेतना का संचार होगा: किरण देव

 

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई, कहा—कार्यकर्ताओं को मिलेगा नया उत्साह

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर श्री नितिन नबीन के सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। श्री देव ने उनके यशस्वी, ऊर्जावान और संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाले कार्यकाल की कामना करते हुए इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की यह प्रक्रिया केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ की सहभागिता संगठन के प्रति राज्य इकाई की मजबूत भूमिका को दर्शाती है।
कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और संगठन में मजबूती
श्री देव ने कहा कि एक युवा, दूरदर्शी और कर्मठ नेता के रूप में नितिन नबीन का नेतृत्व निश्चित रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाएगा और भाजपा के विचारधारात्मक मूल्यों को और अधिक ऊँचाई प्रदान करेगा। उनका नेतृत्व संगठन में नई गति, अनुशासन और स्पष्ट दिशा देने वाला साबित होगा।
छत्तीसगढ़ में नेतृत्व का रहा प्रभावी योगदान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ में सह-प्रभारी और बाद में प्रभारी के रूप में रहते हुए संगठन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों से लेकर नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन संगठनात्मक क्षमता का जीवंत प्रमाण है।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
किरण देव ने श्री नबीन को ऊर्जा से भरपूर, चमत्कारिक प्रतिभा का धनी नेता बताते हुए कहा कि आज एक युवा नेता का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर आसीन होना यह संदेश देता है कि आने वाला समय युवाओं का है। यह संपूर्ण प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है, जो पार्टी की आंतरिक मजबूती और पारदर्शिता को दर्शाती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि श्री नितिन नबीन के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा के अपने संकल्प को और अधिक सशक्त रूप में आगे बढ़ाएगी तथा संगठन देशभर में नई ऊँचाइयों को छुएगा। 🪷

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.