February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

साउथ एशियन चैंपियनशिप में भारत को स्वर्ण दिलाने वाली कोरबा की बेटी कुसुम साहू का कमला नेहरू महाविद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  कोरबा जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब प्रथम साउथ एशियन गोल शॉट बॉल चैंपियनशिप में नेपाल की धरती से भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटी कमला नेहरू महाविद्यालय की छात्रा कुसुम साहू को महाविद्यालय समिति एवं प्राध्यापकों द्वारा गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाली इस होनहार छात्रा के सम्मान में पूरा महाविद्यालय गौरवान्वित नजर आया।
इस अवसर पर कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कुसुम साहू को 2100 रुपये की नगद राशि एवं ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समिति के सहसचिव उमेश लाम्बा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने कुसुम की उपलब्धि की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि प्रथम साउथ एशियन गोल शॉट बॉल चैंपियनशिप का आयोजन नेपाल के पोखरा शहर में 16 से 19 दिसंबर के बीच किया गया था। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी कुसुम साहू की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से न केवल देश बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया।

 

 

कमला नेहरू महाविद्यालय में बीएससी (जीवविज्ञान) तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कुसुम साहू पुरानी बस्ती, भंडारी चौक की निवासी हैं। वह श्री संपत लाल साहू एवं श्रीमती धनलक्ष्मी साहू की पुत्री हैं। कुसुम के पिता पेशे से ट्रक चालक हैं, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी बेटी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। पिता के अथक प्रयास और माता-पिता के अटूट विश्वास ने कुसुम को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की शक्ति दी है।
कुसुम साहू ने बताया कि इस स्तर तक पहुंचने के लिए उन्होंने वर्षों तक कठिन परिश्रम किया है। दिसंबर 2025 में मिली यह अंतरराष्ट्रीय सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। महाविद्यालय समिति ने कुसुम की इस उपलब्धि को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उसे आगे भी निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।
बाक्स : नेशनल रेफरी व छत्तीसगढ़ एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष, अब तिरुपति में करेंगी प्रतिनिधित्व
गोल शॉट बॉल एक हैंडबॉल जैसा टीम खेल है, जिसमें खिलाड़ी हाथों से गेंद फेंककर विरोधी टीम के गोल में डालने का प्रयास करते हैं। कुसुम साहू न केवल एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, बल्कि वे गोल शॉट बॉल की नेशनल रेफरी भी हैं। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ गोल शॉट बॉल एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुसुम ने जानकारी दी कि 31 जनवरी को तिरुपति में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे नेशनल रेफरी के रूप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं, जो उनके खेल जीवन की एक और बड़ी उपलब्धि है।
बाक्स : ट्रक चालक पिता का संघर्ष, बेटी के सपनों को मिल रहे पंख
कुसुम साहू ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कई देशों की टीमें एवं खिलाड़ी शामिल हुए थे। वह छत्तीसगढ़ की टीम की ओर से खेली थीं। इस स्तर तक पहुंचने के लिए उन्होंने वर्षों तक निरंतर अभ्यास किया है और आगे भी गोल शॉट बॉल में देश व प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा रखती हैं।
आर्थिक चुनौतियों के बावजूद ट्रक चालक पिता अपने परिवार की जरूरतें पूरी करते हुए बेटी के सपनों को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कुसुम का संकल्प है कि वह अपने खेल के माध्यम से भारत, छत्तीसगढ़ और कोरबा का नाम और अधिक रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.