रायपुर में ओबीसी मोर्चा की प्रदेश स्तरीय परिचयात्मक बैठक सम्पन्न, संगठन सशक्तिकरण पर हुआ गहन मंथन






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश स्तरीय परिचयात्मक बैठक आज रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक साहू जी सहित मोर्चा के सभी प्रदेश पदाधिकारी, नवनियुक्त जिला अध्यक्षगण एवं संभाग प्रभारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य भाजपा ओबीसी मोर्चा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना रहा। इस दौरान ओबीसी समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाने, तथा आगामी समय में संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही यह भी विचार-विमर्श हुआ कि किस प्रकार पिछड़ा वर्ग मोर्चा को पार्टी की रीढ़ के रूप में और मजबूत किया जा सकता है।
प्रदेश स्तरीय इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन महामंत्री (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) माननीय श्री अजय जामवाल जी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री जामवाल जी ने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ता निर्माण, बूथ स्तर तक मोर्चा की सक्रियता और समाज के हर वर्ग तक भाजपा की नीतियों को पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक में कोरबा जिले से भी सशक्त सहभागिता देखने को मिली। कोरबा से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री भागवत विश्वकर्मा जी, जिला अध्यक्ष डॉ. विजय राठौर जी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी मंगलू जनार्दन जी, भाजपा युवा नेता नरेंद्र अहीर जी तथा पूर्व विधायक प्रतिनिधि कटघोरा श्री निराकार नाहक जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने हेतु अपने-अपने विचार एवं सुझाव रखे।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक ओबीसी मोर्चा को सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाते हुए समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। यह परिचयात्मक बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रही।





