दिल्ली में शीर्ष भाजपा नेतृत्व से छत्तीसगढ़ संगठन की अहम चर्चा






राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की सौजन्य भेंट, संगठनात्मक विषयों पर हुआ संवाद
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सौजन्य मुलाकात की। यह भेंट संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ में पार्टी की वर्तमान गतिविधियों, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भाजपा की वैचारिक पत्रिका ‘दीपकमल’ भेंट की। यह पत्रिका संगठन की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसेवा के कार्यों को दर्शाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्रिका के माध्यम से प्रदेश संगठन के प्रयासों की सराहना की।

दिल्ली प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह एवं पूर्व सांसद सरोज पांडेय से भी भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया। इन मुलाकातों में पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू तथा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व को छत्तीसगढ़ में संगठन की स्थिति, सरकार की जनहितकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
भेंट को छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन के लिए दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। शीर्ष नेतृत्व से मार्गदर्शन मिलने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।





