भव्य आयोजन में गूंजा सतनाम का जयघोष — कोरबा सतनामी कल्याण समिति का शपथ ग्रहण एवं भूमिपूजन समारोह सम्पन्न


महापौर संजू देवी राजपूत, मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। सतनाम समाज की एकता और गौरव का प्रतीक बना रविवार का दिन, जब कोरबा सतनामी कल्याण समिति द्वारा एक भव्य शपथ ग्रहण एवं भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल समाज के संगठनात्मक सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि समाज के विकास की नई दिशा तय करने वाला साबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ जय स्तम्भ की आरती एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात समिति भवन परिसर में डोम निर्माण कार्य हेतु भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। नगर निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 15 में इस डोम निर्माण कार्य के लिए ₹64 लाख की लागत स्वीकृत की गई है, जो समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। वहीं मंच पर नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन (वार्ड 18), श्री लक्ष्मण श्रीवास (वार्ड 17) एवं श्रीमती प्रेमलता बंजारे (वार्ड 15) भी गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।
पूर्व पदाधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज की सेवा के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का महामालाओं से भव्य स्वागत किया गया। समाज के वरिष्ठजनों एवं आम नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन समिति के सदस्यों द्वारा शालीनता और अनुशासन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा, श्री नारायण लाल कुर्रे, श्री यू.आर. महिलांगे, सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे समारोह में सतनामी समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने समाज के उत्थान और युवाओं की सहभागिता पर बल देते हुए कोरबा जिले में सतनाम समाज के उज्जवल भविष्य की कामना की।

