February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

त्योहारों में जाम से मिलेगी राहत — यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर चला हंटर सर्वमंगला, ध्यानचंद चौक और राताखार मार्ग पर अभियान, एएसपी नीतिश ठाकुर के निर्देशन में सैकड़ों वाहनों पर हुई कार्रवाई

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा दीपावली और छठ पर्व के मद्देनज़र कोरबा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और मनमानी पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सर्वमंगला चौक, ध्यानचंद चौक और राताखार मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों पर जांच की गई तथा नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए व्हील लॉक लगाए गए और चालान काटे गए।
त्योहारों के दौरान बाजारों में भारी भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात जाम की स्थिति बनने लगी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने पहले से ही विशेष योजना तैयार की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के नेतृत्व और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान को अंजाम दिया गया।
अभियान के दौरान इंस्पेक्टर तेजस यादव, एएसआई मनोज राठौर, रामनारायण राठौर, ईश्वर लहरे सहित यातायात विभाग का पूरा अमला तैनात रहा। टीम ने मुख्य चौक-चौराहों पर बिना अनुमति खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को चिन्हित कर व्हील लॉक लगाए, जिससे सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वाले वाहन चालकों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहेगा, और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ वाहन जब्ती की कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान शहर में सुचारु ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
शहरवासियों से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों की भीड़भाड़ में मनमानी पार्किंग से बचें, निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। ऐसा करने से न केवल दुर्घटनाओं की संभावना घटेगी, बल्कि आमजन को भी यातायात जाम से राहत मिलेगी।
👉 त्योहारों की खुशियाँ सुरक्षित रहें, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है — नियम तोड़ने वालों के लिए अब सख्त कार्रवाई का दौर शुरू हो चुका है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.