कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 24 घंटे में मोबाइल दुकान चोरी का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार


कोरबा।जिला पुलिस ने तत्परता और सतर्कता का परिचय देते हुए मोबाइल दुकान में हुई चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक किशोर बालक सहित दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। उनके पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और बड़ी संख्या में ईयरफोन बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा शहर में स्थित एक मोबाइल दुकान के संचालक ने बीते दिनों थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल, लैपटॉप और कई कीमती ईयरफोन चोरी कर लिए हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस को सफलता हाथ लगी।
इस पूरे प्रकरण में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के दिशा-निर्देश में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एम.बी. पटेल के कुशल मार्गदर्शन तथा मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी का पूरा माल-मशरूका बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। चोरी का खुलासा इतनी तेजी से होने पर स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई की सराहना की है।

