August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नक्सलवाद को इस देश की भूमि पर से विदाई देने के लिए 31 मार्च 2026 की तिथि तय है – अमित शाह

1 min read

केंद्रीय गृह मंत्री मा. श्री अमित शाह का बस्तर प्रवास / दि. 04.10.2025

‘बस्तर दशहरा में सबकी सक्रिय भागीदारी, न्यायिक व्यवस्था, आदिवासी संस्कृति को बचाने का चिंतन, जन संवाद की ऐतिहासिक परंपरा वास्तव में वैश्विक धरोहर है’

140 करोड़ की आबादी स्वदेशी उपयोग करे, भारत को दुनिया की सर्वोच्च आर्थिक व्यवस्था बनने से कोई नहीं रोक सकता : शाह

जगदलपुर/रायपुर। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बस्तर की जनता-जनार्दन से अपील की है कि अपने नौजवान युवाओं को हथियार डालने के लिए कहिए। वे हथियार डाल दें और मुख्यधारा में आकर बस्तर के विकास में सहभागी बनें। नक्सलवाद से किसी का भला नहीं हुआ। हमारी छत्तीसगढ़ और केंद्र सरकार समस्त नक्सली क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित है। सरेण्डर पॉलिसी हमने बनाई है, इसलिए हथियार डाल दीजिए। हथियार लेकर शांति को किसी ने अगर छिन्न-विछिन्न करने का काम किया तो हमारे सशस्त्र बल की सेना, सीआरपीएफ के जवान और छत्तीसगढ़ पुलिस मिलकर इसका माकूल जवाब देंगे। नक्सलवाद को विदाई देने के लिए 31 मार्च 2026 यह तिथि तय है।

केंद्रीय मंत्री श्री शाह ने शनिवार को यहाँ आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारत में सबसे अच्छी सरेण्डर पॉलिसी बनाई है, जिसके कारण एक ही माह में 500 से ज्यादा नक्सलियों ने सरेंडर किया है। आपका गाँव नक्सली मुक्त होते ही हर गांव के विकास के लिए एक करोड रुपए छत्तीसगढ़ शासन आपको देगा।

केंद्रीय मंत्री श्री शाह ने कहा कि यहाँ बस्तर दशहरा आन-बान-शान से मना रहे हैं। बस्तर के अंदर ओलंपिक चालू हुआ और इस बार तो देशभर के आदिवासी हमारे बस्तर में ओलंपिक खेलने के लिए आने वाले हैं। बस्तर पंडुक, हमारे खान-पान, वस्त्र-आभूषण, हमारे वाद्य यंत्र पूरी दुनिया में आकर्षण का केंद्र बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यही संदेश है कि हमारी संस्कृति, हमारी भाषा, हमारा खानपान, हमारी वेशभूषा, हमारे वाद्य यंत्र, सदियों तक पूरे देश और दुनिया के लिए उपलब्ध है। यह करने का संकल्प भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ और केंद्र सरकार का है। मुरिया दरबार में अपनी उपस्थिति को आनंददायक बताते हुए श्री शाह ने कहा कि इस कार्यक्रम में पूरे बस्तर संभाग से सारे मुखिया यहाँ पर उपस्थित थे। उन्होंने सबकी समस्याएँ सुनीं। वह दिल्ली जाकर सबको बताएंगे कि एक बार मुरिया दरबार देखिए। 1874 से लेकर आज तक इस प्रकार की सक्रिय भागीदारी, न्यायिक व्यवस्था, आदिवासी संस्कृति को बचाने का चिंतन जन संवाद की ऐतिहासिक परंपरा वास्तव में वैश्विक धरोहर है। मुरिया दरबार के लोकतांत्रिक मूल्य हैं जो पूरे देश के लिए जानकारी का विषय है।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि आज यहाँ पर स्वदेशी जागरण मंच का स्वदेशी मेला भी लगा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वदेशी पर बल दिया है। स्वदेशी जागरण मंच कई सालों से स्वदेशी के उपयोग पर बल देकर जन आंदोलन चला रहा है। हमें संकल्प लेना है कि देश में बनी हुई चीजों का ही उपयोग होगा। श्री शाह ने कहा कि अगर 140 करोड़ की आबादी स्वदेशी उपयोग करने के संकल्प को आत्मसात करे तो हमारे भारत को दुनिया की सर्वोच्च आर्थिक व्यवस्था बनते कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने की माता-बहनों को जीएसटी में 395 चीजों पर टैक्स घटाकर एक बहुत बड़ी राहत देने का काम किया है। खाने-पीने की बहुत-सी वस्तुओं को टैक्सरहित कर दिया। रोजाना उपयोग की चीजों में पांच प्रतिशत टैक्स रखा है। हमारे देश में इतनी बड़ी टैक्स की कटौती कभी नहीं हुई है। इस मेले में 300 से अधिक स्वदेशी कम्पनियाँ हिस्सा ले रही हैं। स्वदेशी एक नए भारत को पहचान देने का माध्यम बना है। आज देशभर में जो स्वदेश मेले लग रहे हैं, उसके माध्यम से स्वदेशी का अभियान भी आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि बस्तर का यह 75 दिन का दशहरा हम सबके लिए गौरव, पहचान और अभिमान का भी होता है। 14वीं शताब्दी से रथ यात्रा की जो शुरुआत हुई, उसने पूरे क्षेत्र के अंदर नई संस्कृति की शुरुआत की। श्री शाह ने कहा कि वह तो ऐसा मानते थे कि भगवान जगन्नाथ के रथ की बनाने की प्रक्रिया सबसे कठिन है, मगर भगवान जगन्नाथ के रथ से भी ज्यादा लंबा समय माता दंतेश्वरी के रथ के लिए लगता है जिसमें आदिवासी समुदाय के साथ ही कई सामाजिक संगठन भी इसमें भाग लेते हैं। पाट यात्रा, कलश यात्रा, जोगी बिठाई, पूजा व नेवता, मावली माता का आगमन समूह, मावली माता का परगान, नवरात्र पूजा व रथ की परिक्रमा, निशा जात्रा, कुंवारी पूजा, जोगी उठाई, भीतर रैनी, बाहर रैनी, कुटुंब यात्रा और मावली विदाई तक, ढेर सारी परंपराओं को संजोकर रखा गया है। बस्तर दशहरा के हर विधान के साथ हर जाति को आदिवासियों को जोड़ने का यह प्रयास जिसने भी किया है, उसने पूरे बस्तर को एकसूत्र में बांधने का काम किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासियों के सम्मान में ढेर सारी योजनाएँ शुरू की। सबसे बड़ी बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति के पद पर पहली बार आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को बिठाने का काम किया। जब महामहिम द्रौपदी मुर्मू दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्षों से मिलती हैं, न केवल आदिवासी समाज बल्कि हम सब भारतीयों का हृदय गर्व से भर जाता है। श्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजाति गौरव वर्ष के रूप में मनाने का काम किया। हर आदिवासी के घर में गैस कनेक्शन, पीने का पानी, शौचालय, 5 लाख तक का बीमा देने का काम किया गया है। श्री शाह ने कहा कि नारायणपुर के पन्नीराम मण्डावी और हेमंत मांझी, कांकेर के अजय कुमार मंडावी को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने का काम किया है। आज महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त जारी की। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ किया है, जो अभी बस्तर और सरगुजा संभाग में शुरू की गई है।

केंद्रीय मंत्री श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए लगभग 4.40 लाख करोड़ रुपए इन 10 वर्षों में देने का काम किया है। छत्तीसगढ़ का विकास दिन-दुगनी रात-चौगुनी गति से हो रहा है। उद्योग लगाए जा रहे हैं, शिक्षा के संस्थान आ रहे हैं, स्वास्थ्य के संसाधन आ रहे हैं, लघु उद्योगों को भी बढ़ावा देने का काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री बस सेवा योजना का आगे चलकर और विस्तार किया जाएगा : साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को देश और छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर के क्षेत्र में 31 मार्च 2026 तक समाप्त करने का संकल्प लिया है। हमारे जवान नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं, बड़े-बड़े यूटिलाइज हो रहे हैं और निश्चित रूप से उनका संकल्प पूरा होगा और उसके बाद बस्तर क्षेत्र में भी विकास की गंगा बहेगी। हमारी सरकार ने नियद नेल्लानार योजना बस्तर क्षेत्र में शुरू की है। लगातार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो रहे हैं और यहाँ पर सड़क, बिजली, पानी, राशन, सब पहुँचाने में सरकार सफल हो रही है। श्री साय ने कहा कि आज बड़ा सौभाग्य का विषय है कि हमारे छत्तीसगढ़ में महतारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए जो महतारी वंदन योजना लागू है, आज गृह मंत्री श्री शाह के हाथों 70 लाख से ज्यादा माता-बहनों के खाते में 606 करोड़ रुपया से ज्यादा उनके खातों में जमा हुआ है। एक और कल्याणकारी योजना मुख्यमंत्री बस सेवा योजना की शुरुआत श्री शाह के हाथों हुई है। अभी ढाई सौ गांव इसमें जुड़े हुए हैं, 34 सड़क मार्गों का चयन हुआ है। आगे चलकर और इसका विस्तार होगा। आज 34 बस की शुरुआत गृह मंत्री श्री शाह ने की है।

छत्तीसगढ़ और बस्तर केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में निरंतर विकास की ओर अग्रसर : देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि विजयदशमी के इस पावन पर्व की कड़ी में आज मुरिया दरबार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आगमन छत्तीसगढ़ के प्रति उनके आत्मीय लगाव का परिचायक है। कई कार्यक्रमों, योजनाओं के माध्यम से श्री शाह का बस्तर को लगातार प्रेम प्राप्त हो रहा है। बस्तर ओलंपिक की शुरुआत हो, चाहे बस्तर के पंडुक का, दंतेवाड़ा से लेकर पूरे संभाग में और आज हमारे स्वदेशी मेला का उन्होंने निरीक्षण भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो आत्म निर्भर भारत का संकल्प है, हमारे स्वावलम्बन आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दृष्टि से आज उन्होंने स्वदेशी मेला का निरीक्षण भी किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी, केंद्रीय मंत्री श्री शाह और मुख्यमंत्री श्री साय की योजनाएँ डबल इंजन की सरकार में तेजी से धरातल पर साकार हो रही हैं। छत्तीसगढ़ और बस्तर केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में निरंतर विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, सांसद भोजराज नाग, महेश कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर, विधायक चैतराम अटामी, नीलकण्ठ टेकाम, विक्रम उसेण्डी, विनायक गोयल, आशाराम नेताम, जिलाध्यक्ष बस्तर वेदप्रकाश पांडेय, कांकेर जिलाध्यक्ष महेश जैन, कोण्डागांव जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, नारायणपुर जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार, बीजापुर जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, दंतेवाड़ा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, सुकमा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे, बस्तर राजपरिवार के प्रमुख कमलचंद्र भंजदेव, महापौर जगदलपुर संजय पाण्डेय,स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी, अखिल भारतीय संगठन मंत्री सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता काफी संख्या में उपस्थित थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.