October 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा निगम के सभी 07 जोनों में पेंशन सत्यापन शिविर, महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किए निरीक्षण

1 min read

 

कोरबा, 25 सितम्बर 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  नगर पालिक निगम कोरबा के सभी 07 जोन कार्यालयों में आज पेंशन हितग्राहियों के सत्यापन एवं नवीन पेंशन स्वीकृति हेतु फार्म भरवाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को त्रुटिरहित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोरबा जोन में आयोजित शिविर में महापौर संजूदेवी राजपूत ने राताखार निवासी दिव्यांग महिला पाचोबाई केंवट को ट्रायसिकल प्रदान किया। साथ ही हितग्राहियों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए।
विभिन्न जोन कार्यालयों—कोरबा, टी.पी. नगर, कोसाबाड़ी, रविशंकर नगर, बालको, दर्री और सर्वमंगला—में आयोजित इन शिविरों में वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, राधा महंत, एम.आई.सी. सदस्य सरोज शांडिल्य, अजय गोंड़, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, रूबीदेवी सागर, पूर्व पार्षद टीकम राठौर सहित अन्य पार्षद भी शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों ने पेंशन सत्यापन कार्य में सहभागिता प्रदान की और हितग्राहियों को राशन कार्डों का वितरण किया।
शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों में सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय पेंशन योजनाओं—इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना—के हितग्राहियों का सत्यापन किया गया। साथ ही नए पात्र हितग्राहियों से आवेदन पत्र भी भरवाए गए तथा यू.डी.आई.डी. कार्ड पंजीयन का कार्य भी संपन्न हुआ।
शिविरों के दौरान निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी, जोन कमिश्नर विनोद शांडिल्य, अखिलेश शुक्ला, भूषण उरांव, प्रकाश चन्द्रा, एन.के. नाथ, तपन तिवारी, सुनील टांडे सहित सभी जोनों के उप-जोन प्रभारी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और शिविर संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.