ग्रामीणों के तीखे विरोध पर एसईसीएल सर्वे टीम लौटी खाली हाथ, 7 सूत्री मांगों के निस्तारण तक आंदोलन की चेतावनी


हरदीबाजार, 16 सितंबर 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ एसईसीएल दीपका प्रबंधन की टीम सोमवार को हरदीबाजार के हॉस्पिटल मोहल्ला में मकान सर्वे एवं नापी कार्य करने पहुंची। सुरक्षा के दृष्टिगत महिला एवं पुरुष पुलिस बल भी तैनात किया गया था। लेकिन ग्रामीणों को इस कार्य की जानकारी मिलते ही सरपंच लोकेश्वर कंवर, उप सरपंच, पंचों सहित बड़ी संख्या में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, भाजपा जिला मंत्री अजय दुबे, जनप्रतिनिधि नरेश टंडन, विजय जायसवाल समेत अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने नारेबाजी करते हुए एसईसीएल प्रबंधन से कहा कि जब तक उनकी 7 सूत्री मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक किसी भी प्रकार का सर्वे या नापी कार्य नहीं होने दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों के रुख का समर्थन करते हुए प्रबंधन पर दबाव बनाया।

बढ़ते विरोध और ग्रामीणों के दृढ़ संकल्प के चलते एसईसीएल टीम को अपनी कार्यवाही रोकनी पड़ी और खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। इस घटना से क्षेत्र में हलचल मच गई है।
इसके पश्चात ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने बताया कि एसईसीएल दीपका परियोजना की टीम ने बिना ग्राम पंचायत की पूर्व अनुमति के बलपूर्वक सर्वे कराने का प्रयास किया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 12 सितंबर को एसडीएम की उपस्थिति में त्रिपक्षीय वार्ता संपन्न हुई थी, जिसमें ग्राम हित में 7 बिंदुओं पर सहमति बनी थी। साथ ही प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों से चर्चा कर आगे बढ़ने का आश्वासन भी दिया था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रबंधन ने सरपंच की सहमति के बिना सर्वे कराने का प्रयास किया, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन एवं एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
ग्रामीणों ने साफ तौर पर संकेत दिया है कि उनकी सात सूत्री मांगें पूरी किए बिना वे आंदोलन को समाप्त नहीं करेंगे और संघर्ष जारी रहेगा। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि क्षेत्र में एसईसीएल के सर्वे कार्य को लेकर व्यापक विवाद गहराता जा रहा है।

