छत्तीसगढ़ रजत जयंती समारोह शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न – मुख्य अतिथि वर्षा दिनेशवैष्णव ने राज्य के विकास व गौरव पर दिया प्रेरणादायक संबोधन


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ छत्तीसगढ़ रजत जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि जन भागीदारी समिति की अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेशवैष्णव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। साथ ही प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह, कवि श्रीमती अंजना सिंह, कवि श्री हीरामणि वैष्णव, हिंदी विभागाध्यक्ष श्रीमती संध्या पांडे, डॉक्टर ए पी सिंह, जन भागीदारी समिति सदस्य मति चंद्रामैडम, श्री यशवंत श्रीवास, श्री युवराज चंद्र, श्रीमती सरिता महंत, श्रीमती पुष्पकला साहू, श्रीमती स्वाति कश्यप सहित कॉलेज के सभी शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा सरस्वती वंदना से हुई। तत्पश्चात श्रीमती वर्षा दिनेशवैष्णव ने छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना से लेकर आज तक राज्य के विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोड नेटवर्क, बिजली विस्तार, मेडिकल कॉलेज स्थापना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। विशेष रूप से कोरबा जिले को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि यह एशिया की एकमात्र ओपन कास्ट कोयला खदान वाला जिला है, जो भारत में सबसे अधिक बिजली उत्पादन के लिए जाना जाता है।
मुख्य अतिथि ने गर्व के साथ कहा कि छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है और इसकी संपन्नता पर सभी छत्तीसगढ़वासी गर्व महसूस करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान श्री राम के ननिहाल मां कौशल्या का जन्मस्थान भी है, जो छत्तीसगढ़वासियों के लिए सौभाग्य का प्रतीक है।

अंत में श्रीमती वर्षा दिनेशवैष्णव ने सभी उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को छत्तीसगढ़ के गौरव व योगदान को समझते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी को बारंबार प्रणाम करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने मिलकर छत्तीसगढ़ रजत जयंती का उल्लासपूर्वक जश्न मनाया और राज्य के समृद्ध विकास व सांस्कृतिक विरासत को याद किया।

