प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा हेतु भाजपा कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौधरोपण सहित अन्य कार्यक्रमों पर हुई व्यापक चर्चा


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ***/ दंतेवाड़ा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक पूरे जिले में किया जायेगा। इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विशेष कार्यक्रम सम्पन्न किए जाएंगे।
इसी तैयारी में भाजपा जिला कार्यालय चितालंका दंतेवाड़ा में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता श्री दीपेश अरोरा ने भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने विशेष रूप से पेड़ माँ के नाम पर पौधरोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान अभियान, स्वच्छता अभियान आदि को मंडल स्तर पर व्यापक रूप से क्रियान्वित करने का आह्वान किया।
विधायक श्री चैतराम अटामी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान बूथ स्तर तक पहुंचाकर आमजन को जोड़ने का प्रयास रहेगा। साथ ही, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा, जिसमें ग्राम स्तर से लेकर लोकसभा स्तर तक के खेल प्रतियोगिताओं में लोगों को भागीदारी का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संतोष गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी की पूर्ति हेतु अनिवार्य रूप से सफलतापूर्वक संपन्न किया जायेगा। इसके लिए मंडल स्तर एवं बूथ स्तर पर संयोजक, सह संयोजक तथा प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हो सकें।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री श्री मुन्ना मरकाम द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष श्री मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के ओजस्वी मंडावी, नवीन विश्वकर्मा, रामबाबू गौतम, अभिमन्यु सोनी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने एवं सामाजिक जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

