May 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ में चिकित्सा क्रांति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एम्स रायपुर में शुरू किया मध्य भारत का पहला रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम ‘देव हस्त’, मरीजों के परिजनों के लिए भी बनाई सर्व-सुविधायुक्त आवास सुविधा

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 06 सितंबर 2025 – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मध्य भारत के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित होने वाले प्रथम रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम ‘देव हस्त’ का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं ‘देव हस्त’ पर पहला ड्राई लैब डिसेक्शन कर प्रदेश में आधुनिक चिकित्सा तकनीक का औपचारिक शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “रोबोटिक सर्जरी छत्तीसगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं के विकास में एक नया आयाम है। यह ऐतिहासिक पल छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जिससे मरीजों को अत्याधुनिक उपचार प्रदेश में ही उपलब्ध हो सकेगा।”

इस रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम की विशेषता यह है कि यह मध्य भारत के किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में स्थापित होने वाला पहला सिस्टम है, जिससे राज्य के साथ-साथ अन्य पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवा प्राप्त होगी।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि एम्स रायपुर में इलाज के लिए आने वाले दूर-दराज के मरीजों के परिजनों के लिए सर्व-सुविधायुक्त परिजन निवास का निर्माण किया जाएगा, ताकि उनके ठहरने और सुविधाओं में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा, “जनसेवा मेरे लिए सर्वोपरि है। सांसद रहते हुए दिल्ली में मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए व्यवस्था करना मेरा व्यक्तिगत प्रयास रहा है, और आज एम्स रायपुर में भी यह सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।”
मुख्यमंत्री श्री साय ने एम्स रायपुर से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत यादें साझा करते हुए बताया कि जब एम्स रायपुर के निर्माण की स्वीकृति मिली थी, तब उन्होंने प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी से आग्रह किया था ताकि प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। इसके माध्यम से चिकित्सकीय दक्षता और सफलता दर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘देव हस्त’ नामकरण प्रतियोगिता की विजेता सुश्री ज्योत्स्ना किराडू को पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की। इस दौरान एम्स रायपुर के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) डॉ. अशोक जिंदल, विभागाध्यक्ष डॉ. देवज्योति मोहंती, चिकित्सा छात्र एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विकास हो रहा है। पिछले 20 महीनों में पांच नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति मिली है और नवा रायपुर में 5,000 बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना और वय वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश के गरीब और बुजुर्ग नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराई जा रही है।
यह प्रयास छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत है, जो मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत और आशा का संदेश लेकर आया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.