*’हमने अपना अभिभावक खो दिया’* *रास्वसं प्रचारक शांताराम सराफ के देहावसान भाजपा-परिवार शोकमग्न*






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ *रायपुर।* राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के पूर्व प्रचारक व संघ के विभिन्न दायित्वों पर रहे शांताराम सराफ के देहावसान का समाचार मिलते ही प्रदेश भाजपा-परिवार में गहन शोक की लहर है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रास्वसं के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सराफ के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री देव ने कहा कि स्व. सराफ का सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, सिद्धांतों और भारतीय सांस्कृतिक जीवन मूल्यों के लिए समर्पित रहा। स्व. सराफ का जीवन समूचे संघ-परिवार के लिए अनुकरणीय है। उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्री देव ने कहा कि हमने अपना अभिभावक खो दिया है।
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अपनी गहन संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि रा.स्व.सं. के वैचारिक अधिष्ठान को आत्मसात कर आजीवन हिन्दुत्व की अलख जगाने में जुटे रहे स्व. सराफ ने समर्पण, मर्यादा और सादगी का जो आदर्श प्रस्तुत किया है, वह सामाजिक व अन्य सभी क्षेत्रों में काम करने वाले हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए आकाश-दीप बनकर प्रेरणा प्रदान करेगा। श्री जम्वाल ने परमपिता परमेश्वर से स्व. सराफ की आत्मा को चिरशांति व अपने चरणों में सुवास प्रदान करने की प्रार्थना की है।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. सराफ ने सम्पूर्ण जीवन संघ की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनका पूरा जीवन त्यागमय था। वे अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले महामना थे। उन्होंने कभी परिस्थितियों के साथ समझौता नहीं किया। अपने संत स्वभाव, आत्मीय मिलनसारिता और सादगी से वे हर कार्यकर्ता को प्रेरित करते थे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी सहित भाजपा व मोर्चा-प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी संघ प्रचारक शांताराम सराफ के निधन पर गहन शोक व्यक्त कर उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
———————





