“भाजपा सरकार की 11 वर्षों की विकास यात्रा देश को बना रही वैश्विक शक्ति” – हितानंद अग्रवाल




कोरबा मंडल में ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यशाला सम्पन्न, योजनाओं की सफलता पर हुई चर्चा
कोरबा, 10 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘संकल्प से सिद्धि’ पखवाड़ा के अंतर्गत कोरबा मंडल की ओर से जिला भाजपा कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और केंद्र सरकार की 11 वर्षों की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में श्री अग्रवाल ने कहा कि “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया है। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, और कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक कदम इस बात का प्रमाण हैं कि भाजपा सरकार देश के समग्र विकास के लिए संकल्पित है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर उदासीन थीं, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने इस पर निर्णायक और सख्त रुख अपनाया है।
कार्यशाला के दौरान भाजपा के कोरबा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और इसकी जमीनी पहुंच पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सतविंदर सिंह बग्गा, ऋतु चौरसिया, परविंदर सिंह, योगेश मिश्रा, राम शंकर साहू, नवनीत राहुल शुक्ला, गिरीश नामदेव, सुकेश दलाल, युगल केवर्त समेत अनेक गणमान्य नेता मंचासीन रहे।
इस अवसर पर कोरबा मंडल के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आगामी आयोजनों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन उत्साह और संगठनात्मक समर्पण के साथ सम्पन्न हुआ।


