“मोर गांव मोर पानी” अभियान की दी जानकारी, ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस पर श्रमिकों को किया गया जागरूक




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 7 जून 2025। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत शनिवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 6 मई से 15 जून तक चल रहे “मोर गांव मोर पानी” जल संरक्षण अभियान के तहत जागरूकता गतिविधि के रूप में आयोजित हुआ।
रोजगार दिवस के अवसर पर श्रमिकों और ग्रामीणों को जल संरक्षण और संचयन की जरूरतों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत सिंचाई कूप, सोखता गड्ढा, वर्षा जल संचयन जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जल स्रोतों को सहेजना और ग्रामीण आजीविका को सशक्त करना है।

कार्यक्रम के दौरान मनरेगा के तहत श्रमिकों को प्राप्त अधिकारों—जॉब कार्ड का अधिकार, साल में 100 दिन कार्य की गारंटी, मजदूरी भुगतान का अधिकार, और सामाजिक अंकेक्षण का अधिकार—की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लंबित मजदूरी भुगतान और उसके समाधान की प्रक्रिया को भी बताया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग के निर्देशानुसार, प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस मनाया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसी क्रम में आज जिले की ग्राम पंचायतों—महौरा, गिधौरी, नोनबिर्रा, डोडातराई, नकिया, सरभोका, पंडरीपानी, देवपहरी, देवरी, छुरीखुर्द, कसईपाली, रामपुर खोडरी, सोलवा, मसान, कोथारी, कुम्हारीसानी, कोडगार रतिजा सहित अनेक स्थानों पर आयोजन हुआ।
इस दौरान जन मनरेगा ऐप, सिक्योर पोर्टल पर कार्य स्वीकृति प्रक्रिया और “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में तकनीकी सहायकों, रोजगार सहायकों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, मनरेगा श्रमिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल मनरेगा के क्रियान्वयन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि ग्रामीणों को अधिकारों और संसाधनों के उपयोग के प्रति सजग करने का माध्यम भी बना।


