May 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“संकल्प से सिद्धि” कार्यशाला में दिखा जन सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प, कोरबा में हुआ भव्य आयोजन

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित “संकल्प से सिद्धि” पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी कोरबा द्वारा एक वृहद कार्यशाला का आयोजन टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने की, जबकि प्रमुख वक्ता के रूप में बिलासपुर संभाग के संगठन प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी गोपाल साहू, जिला संयोजक ज्योति नंद दुबे, पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

मुख्य वक्ताओं के वक्तव्य की प्रमुख बातें –

अनुराग सिंह देव:
“संकल्प से सिद्धि मोदी युग का भारत निर्माण है”
उन्होंने कहा कि आजादी के संकल्प ने विकसित भारत का रूप ले लिया है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश चौथी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बना है। धारा 370 की समाप्ति के बाद जम्मू-कश्मीर में स्थिरता और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे निर्णायक कदमों की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के विरुद्ध जारी अभियानों की सफलता को भी उन्होंने रेखांकित किया और आगामी 9 से 21 जून तक चलने वाले “विकसित भारत संकल्प सभा” के कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिनमें योग शिविर, पर्यावरण जागरूकता और डिजिटल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

 

गोपाल मोदी:
“संकल्प से सिद्धि रामराज्य की ओर एक सार्थक पहल”
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि यह आयोजन केवल उपलब्धियों का प्रचार नहीं, बल्कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का यथार्थ प्रयास है। जब हर नागरिक स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित होगा तभी भारत को विकसित राष्ट्र का दर्जा मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा और जनसंपर्क को प्राथमिकता देने की अपील की।

गोपाल साहू:
“संगठन की शक्ति से ही संकल्प सिद्ध होते हैं”
जिला प्रभारी गोपाल साहू ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं संगठनात्मक शक्ति को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की आवश्यकता बताई।

ज्योति नंद दुबे:
“भाजपा कार्यकर्ता समाज परिवर्तन के वाहक हैं”
जिला संयोजक ज्योति नंद दुबे ने कहा कि यह अभियान न केवल सरकार की योजनाओं का प्रचार है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पखवाड़े में संवाद, सेवा और जनसंपर्क के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।

प्रमुख झलकियां और आयोजन की विशेषताएं –
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात संगठन गीत और “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ। मंच का संचालन भाजपा सह-संयोजक विकास अग्रवाल ने किया और आभार प्रदर्शन भाजपा नेता सतविंदर पाल बग्गा ने किया।

 

विशिष्ट उपस्थिति –
पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, जनपद अध्यक्ष अशोक कंवर, उपाध्यक्ष मनोज झा, नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, डॉ. राजीव सिंह, पवन गर्ग, मनोज शर्मा, हितानंद अग्रवाल, रेणुका राठिया, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, दिलेंद्र यादव, मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे सहित भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक, पार्षदगण, मंडल अध्यक्षगण एवं सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

यह भव्य आयोजन भारतीय जनता पार्टी के “संकल्प से सिद्धि” पखवाड़ा के अंतर्गत जन संवाद, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.