दीपक म्हस्के ने सीजीएमएससीएल अध्यक्ष पद की कमान संभाली, कहा – “जनसेवा और पारदर्शिता रहेगी प्राथमिकता”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSCL) के अध्यक्ष पद का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण किया। इस गरिमामयी अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहित अनेक मंत्री, विधायक, महापौर, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीपक म्हस्के के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर सीजीएमएससीएल की विभागीय पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि सीजीएमएससीएल की स्थापना डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार के दौरान की गई थी, जिसका उद्देश्य राज्य के दूरस्थ अंचलों में समय पर दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में इस संस्था की छवि को नुकसान पहुँचा और भ्रष्टाचार के आरोपों से यह विभाग घिर गया। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि दीपक म्हस्के और स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में यह संस्था पुनः अपनी गरिमा और पारदर्शिता के साथ प्रदेश की जनता की सेवा करेगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सीजीएमएससीएल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री म्हस्के के नेतृत्व में इस संस्था की छवि को पुनर्स्थापित किया जाएगा और इसके मूल उद्देश्य – जरूरतमंदों को समय पर गुणवत्तापूर्ण दवाओं की आपूर्ति – को फिर से मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने श्री म्हस्के को एक तकनीकी रूप से दक्ष, प्रतिबद्ध और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि उनका अनुभव और कार्यशैली निश्चित रूप से विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार लाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सीजीएमएससीएल को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब भाजपा सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और म्हस्के के नेतृत्व में यह विभाग जनसेवा का मजबूत माध्यम बनेगा।

अपने अध्यक्षीय भाषण में दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि “यहां जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से कार्य किया जाएगा। हम इस पूरे सिस्टम को पारदर्शी और जन-हितकारी बनाएंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” के विजन और मुख्यमंत्री साय की संवेदनशील नेतृत्व शैली के अनुरूप वे अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंदों तक बेहतर सेवाएं पहुंच सकेंगी।
कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन एक जनसमर्थन का भी प्रतीक बन गया।


