March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बांकीमोंगरा में विकास की नई लकीरें, करोड़ों की लागत से शुरू हुए निर्माण कार्य

पालिका अध्यक्ष सोनी झा की अगुवाई में शौचालय, सड़क, नाली और किचन शेड का भूमिपूजन, जनसुविधाओं के विस्तार को मिलेगी रफ्तार

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में विकास को धरातल पर उतारने की दिशा में एक और मजबूत कदम शुक्रवार, 18 अप्रैल 2025 को उठाया गया, जब नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर आधारशिला रखी। ये निर्माण कार्य बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 5, 7 और 12 में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए हैं।

शिक्षा और स्वच्छता की दिशा में मजबूत कदम

श्रीमती झा ने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 7, जंगल साइड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला, बांधापारा में शौचालय एवं किचन शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। यह कार्य स्कूली बच्चों एवं स्टाफ के लिए स्वच्छता और पोषण सुविधा को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

सड़क और नाली से जुड़े वर्षों पुराने संकट का समाधान

इसके बाद वार्ड क्रमांक 5 में सतचंडी मंदिर से शिवम टीवी स्टोर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वर्षों से जर्जर सड़क की वजह से परेशान नागरिकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, गुरुद्वारा मोहल्ला में मैदान अली के घर से महाराज के घर तक आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर जल निकासी की पुरानी समस्या को हल करने की दिशा में कदम उठाया गया।

जनता के बीच दिखा भरोसा और उम्मीद

कार्यक्रम में भारी संख्या में नागरिकों की भागीदारी रही। प्रमुख रूप से भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री श्रीमती अनिता राजपूत, पार्षद प्रमिला सायतोड़े, राजकुमार मिश्रा, फणीधर कर्ष, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, अनिल पाल, प्रकाश झा, भारतीय जनता मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष रामकुमार यादव, अजीत कैवर्त समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जनसमस्याओं पर तत्परता से मिला आश्वासन

भूमिपूजन के दौरान बिजली, पानी, सड़क और जल निकासी से जुड़ी विभिन्न समस्याएं वार्डवासियों ने पालिका अध्यक्ष के समक्ष रखीं। श्रीमती झा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत संबंधित स्थानों का निरीक्षण किया और पालिका अधिकारियों को मौके पर निर्देश देकर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

“विकास एक संकल्प, जनभागीदारी से बनेगा समृद्ध शहर” – सोनी झा

सभा को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि जनता की जीवनशैली को बेहतर बनाना है। विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और निरंतरता ही हमारी प्राथमिकता है। सभी वार्डों में योजनाबद्ध ढंग से कार्य हो रहा है, और हम इसे जनभागीदारी से आगे बढ़ाएंगे।”

नगर की मूलभूत सुविधाओं को सुधारने की दिशा में यह पहल बांकीमोंगरा के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.