बुजुर्गों की सेवा में समर्पित मानव सेवा मिशन, प्रशांति वृद्धा आश्रम में पहुंचकर बांटी खुशियां




फल, वस्त्र, दवाइयां और स्नेह से भर दिया बुजुर्गों का मन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए मानव सेवा मिशन, बालको के सदस्यों ने हाल ही में कोरबा स्थित प्रशांति वृद्धा आश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से समय बिताया। संस्था की ओर से पूर्व में जताई गई आवश्यकताओं के अनुरूप सभी बुजुर्गों को सूखा नाश्ता और मौसमी फल जैसे तरबूज वितरित किए गए।

सेवा कार्य को और प्रभावी बनाते हुए बालको चिकित्सालय की डॉक्टर स्मिता प्रसाद के सौजन्य से बुजुर्ग महिलाओं को वस्त्र, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। संस्था के इस सेवा भाव से वृद्धजनों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई और उन्होंने मानव सेवा मिशन के प्रति आभार प्रकट करते हुए सभी सदस्यों को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।

मानव सेवा मिशन द्वारा वृद्धा आश्रम में नियमित रूप से स्वादिष्ट भोजन, राशन सामग्री, सूखा नाश्ता और जीवनोपयोगी अन्य सामग्रियां उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था का उद्देश्य न केवल शारीरिक जरूरतों को पूरा करना है, बल्कि भावनात्मक सहारा भी देना है, जिसकी बुजुर्गों को सबसे अधिक आवश्यकता होती है।

इस सेवा कार्यक्रम में संस्था के सक्रिय सदस्य केशव चंद्रा, अमर पटेल, राजेश धीवर, सत्यम सोनी, क्रांति सोनी, माधुरी चंद्रा, उमा पटेल, मेघा सोनी, अल्का पृथ्वीकर, पूर्वी धीवर एवं विधि पाली ने अपनी उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया। वहीं प्रशांति वृद्धा आश्रम के संचालक वीरू यादव सहित अन्य सदस्यों ने भी इस सेवा अभियान में सहभागिता निभाई।
मानव सेवा मिशन का यह कार्य समाज में सेवा, स्नेह और संवेदना के भाव को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है, जो हर किसी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


