युवा मोर्चा के नेतृत्व में कल कोरबा में कांग्रेस कार्यालय का घेराव, राहुल गांधी का होगा पुतला दहन – नेशनल हेराल्ड घोटाले की सच्चाई जनता के सामने लाने का अभियान तेज
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ नेशनल हेराल्ड घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस जहां देशभर में ईडी कार्यालयों का घेराव कर रही है, वहीं इसके जवाब में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा कांग्रेस कार्यालयों के घेराव का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले में युवा मोर्चा के नेतृत्व में 18 अप्रैल को कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया जाएगा और राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज किया जाएगा।
नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रवर्तन निदेशालय ने 15 अप्रैल 2025 को इस मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे सहित कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत 661 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्तियों को लेकर चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट AJL और यंग इंडिया लिमिटेड (YIL) के माध्यम से की गई वित्तीय हेराफेरी पर आधारित है।
ईडी के अनुसार, यंग इंडिया लिमिटेड ने केवल 50 लाख रुपये का भुगतान कर 90.25 करोड़ रुपये के कर्ज के एवज में एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को अपने अधीन कर लिया, जिसमें गांधी परिवार की 76% हिस्सेदारी है। आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के फंड का दुरुपयोग निजी स्वार्थ के लिए किया गया।
भाजयुमो का कहना है कि कांग्रेस इस घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए ईडी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, जबकि सच्चाई जनता के सामने लाने के प्रयास को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस पर प्रतिक्रिया स्वरूप भाजयुमो द्वारा देशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया जा रहा है।
कोरबा में यह कार्यक्रम 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे टीपी नगर चौक से प्रारंभ होगा, जिसमें युवा मोर्चा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। प्रदर्शन के अंत में राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
क्या है नेशनल हेराल्ड मामला?
1937 में पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) ‘नेशनल हेराल्ड’, ‘नवजीवन’ और ‘कौमी आवाज़’ जैसे समाचार पत्र प्रकाशित करता था। 2008 में यह आर्थिक संकट के कारण बंद हो गया और कांग्रेस से 90 करोड़ रुपये का कर्ज ले रखा था। 2010 में यंग इंडिया लिमिटेड नामक कंपनी बनाई गई, जिसमें सोनिया और राहुल गांधी की 76% हिस्सेदारी है। इस कंपनी ने मात्र 50 लाख रुपये में AJL का स्वामित्व प्राप्त कर लिया।
आरोप है कि कांग्रेस के चंदे से अर्जित धन का दुरुपयोग कर निजी लाभ के लिए यह सौदा किया गया, जिससे गांधी परिवार को लाभ हुआ।
विरोध की तैयारी:
भाजयुमो जिला कोरबा की ओर से बताया गया है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान नारेबाज़ी, पुतला दहन और व्यवस्था हेतु शीतल पेय की व्यवस्था की गई है। सभी कार्यकर्ताओं से समय का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।