पटवारियों की आवाज बना कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन
1 min read
**हड़ताल के बीच कर्मचारियों के समर्थन में उतरा फेडरेशन, कार्रवाई रोकने और बातचीत से समाधान निकालने की उठाई मांग**
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// **कोरबा।** अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत पटवारियों के समर्थन में अब छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन भी खुलकर सामने आ गया है। पटवारियों की शांतिपूर्ण हड़ताल के दौरान की जा रही दमनात्मक कार्रवाई को लेकर कर्मचारी संगठनों में नाराजगी बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की जिला शाखा कोरबा ने 17 नवंबर 2026 को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर शासन की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और पटवारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए करने की मांग की।
छत्तीसगढ़ राज्य पटवारी संघ 13 अक्टूबर 2026 से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण हड़ताल पर है। फेडरेशन का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाना चाहिए। लेकिन बातचीत के माध्यम से रास्ता निकालने के बजाय उनके विरुद्ध की जा रही दमनात्मक कार्रवाई से कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है।
ज्ञापन के माध्यम से फेडरेशन ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से स्पष्ट मांग की कि हड़ताल कर रहे पटवारियों के विरुद्ध की जा रही दमनात्मक कार्रवाई तत्काल बंद कराई जाए। साथ ही पटवारी संघ की जायज मांगों पर शासन सकारात्मक रुख अपनाए और कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ सार्थक चर्चा कर समाधान का रास्ता निकाले।
फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर एवं उप संयोजक विपिन यादव ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान दबाव अथवा दमनात्मक कार्रवाई से नहीं, बल्कि आपसी संवाद, विश्वास और सकारात्मक पहल से संभव है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को अपनी जायज मांगें शासन के समक्ष रखने का अधिकार है। शासन की जिम्मेदारी है कि कर्मचारी संगठनों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनके निराकरण के लिए उचित कदम उठाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी संघ की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा तथा टकराव की स्थिति समाप्त कर बातचीत के जरिए सकारात्मक समाधान सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर, उप संयोजक विपिन यादव, मानसिंह राठिया, जय कुमार राठौर, विनय कुमार शुक्ला सहित छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

**पटवारियों के आंदोलन को मिला कर्मचारी संगठनों का समर्थन**
फेडरेशन द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने से पटवारी संघ के आंदोलन को कर्मचारी-अधिकारी संगठनों का समर्थन मिलने का संदेश गया है। अब निगाहें शासन की अगली पहल पर टिकी हैं कि कर्मचारियों की मांगों पर संवाद का रास्ता अपनाकर इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




