November 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

केरवाद्वारी धान उपार्जन केंद्र में किसानों की मेहनत को मिला समर्थन मूल्य का सहारा, विधायक फूल सिंह राठिया और जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा की मौजूदगी में हुई खरीदी की शुरुआत

 

 

 

पहले ही दिन 165 क्विंटल 20 किलो धान की खरीदी, चार किसानों ने बेची अपनी उपज; जनप्रतिनिधियों ने कहा– बिचौलियों के झांसे में न आएं किसान, सीधे उपार्जन केंद्र में बेचें धान

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// करतला/केरवाद्वारी। खेतों में महीनों की मेहनत, पसीने से सींची फसल और बेहतर उपज की उम्मीद लेकर बैठे किसानों के लिए धान खरीदी का आगाज खुशियों की सौगात लेकर आया। केरवाद्वारी धान उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर खरीदी की शुरुआत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई। इस दौरान रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया एवं जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा विशेष रूप से मौजूद रहे। खरीदी की शुरुआत के साथ ही केंद्र में किसानों की उपज की आवक हुई और पहले दिन कुल 165 क्विंटल 20 किलो धान का उपार्जन किया गया। शुरुआती दिन की इस खरीदी में किसान रामधन पटेल, लीलाराम खांडे, महेंद्र कुमार साहू एवं भगवती बाई साहू ने अपनी फसल का विक्रय किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक फूल सिंह राठिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां के मेहनतकश किसानों और कृषि परंपरा से है। किसान पूरे वर्ष कठिन परिश्रम कर धान की फसल तैयार करते हैं। ऐसे में उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था किसानों को उनकी मेहनत का सही प्रतिफल दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से विशेष अपील की कि वे अपनी फसल बेचने के लिए किसी भी बिचौलिए या दलाल का सहारा न लें। शासन द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत सीधे उपार्जन केंद्र पहुंचकर ही धान का विक्रय करें। किसी अनजान व्यक्ति को अपने जरूरी दस्तावेज, पंजीयन संबंधी जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत विवरण देने से बचें। खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी आने पर केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करें।

 

 

वहीं जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि धान खरीदी का प्रत्येक सत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की उम्मीदों से जुड़ा होता है। किसान की मेहनत से ही गांवों की आर्थिक गतिविधियां मजबूत होती हैं। इसलिए खरीदी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी उपज का विक्रय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आसानी से हो सके। उन्होंने किसानों को आगाह करते हुए कहा कि कुछ लोग अधिक सुविधा दिलाने अथवा जल्द भुगतान कराने का लालच देकर बिचौलिये की भूमिका निभाने का प्रयास करते हैं। किसान ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अपनी उपज स्वयं निर्धारित खरीदी केंद्र में बेचें। उन्होंने तौल, टोकन और खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा और उनके हितों का ध्यान रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों को नए खरीदी सत्र की शुभकामनाएं भी दीं।

 

खरीदी की शुरुआत के अवसर पर जिला सहकारी बैंक बरपाली के प्रबंधक सतीश कुमार राठौर, पीयूष गुरुद्वान, आकाश सक्सेना, मजीद खान, विमल जायसवाल, ईश्वर राठिया, राकेश यादव, संजू वैष्णव, आकाश पता, प्रबंधक जितेंद्र गोस्वामी, प्रभारी विजय कुमार राठिया, केरवाद्वारी सरपंच परमेश्वर राठिया, बांधापाली सरपंच कैलाश राठिया, सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर कोसलेन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

केरवाद्वारी उपार्जन केंद्र में पहले दिन हुई खरीदी के साथ ही क्षेत्र में धान खरीदी सत्र की गतिविधियां तेज हो गई हैं। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से शासन की निर्धारित व्यवस्था का पूरा लाभ उठाने, खरीदी से संबंधित नियमों का पालन करने और किसी भी तरह के बिचौलियों से दूरी बनाए रखने की अपील की। किसानों की मेहनत को उचित मूल्य मिले और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़े, इसी उम्मीद के साथ केंद्र में नए खरीदी सत्र का आगाज हुआ।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.