“शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ थाना दर्री अंतर्गत अयोध्यापुरी क्षेत्र में शराब के नशे में पत्नी के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। आरोपी को न्यायालय द्वारा जमानतदार की अनुपस्थिति में न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल कटघोरा भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2025 को अयोध्यापुरी निवासी एक महिला द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि उसका पति शराब के नशे में आकर उसके साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौच एवं मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना दर्री की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी अनिल कुर्रे, पिता राजू सिंह कुर्रे, उम्र 31 वर्ष को मौके पर पाया गया।
पुलिस उपस्थिति में भी आरोपी अत्यधिक उत्तेजित होकर अपनी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करता रहा तथा थाना परिसर में हंगामा करते हुए शांति भंग की स्थिति उत्पन्न कर रहा था। घटनास्थल पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लिया।
प्रथम दृष्टया आरोपी का आचरण शांति भंग करने योग्य प्रतीत होने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत कार्यवाही की गई। इसके उपरांत आरोपी के विरुद्ध धारा 126(बी) एवं 135(3) BNSS के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया एवं उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय द्वारा सुनवाई के दौरान आरोपी को जमानतदार प्रस्तुत न किए जाने के कारण न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया गया, जिसके तहत उसे उप जेल कटघोरा भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटनाओं में कानून सख्ती से अपना कार्य करेगा और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।


