क्रिकेट का जुनून चरम पर: टेकराम और रिंकेश की विस्फोटक पारियों से चमका रात्रिकालीन टूर्नामेंट



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****/– स्व. डॉ. बंशी लाल महतो स्मृति राज्य स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन खेल प्रेमियों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। इस आयोजन ने खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल भावना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। दो मुकाबलों में जहां तेजतर्रार पारियों ने मैदान को तालियों से गूंजा दिया, वहीं दर्शकों की जबरदस्त भागीदारी ने टूर्नामेंट में ऊर्जा का संचार कर दिया।
पहला मुकाबला: टेकराम की आंधी में उड़ी कृष्णा हुंडई
दिन के पहले मुकाबले में ब्लू स्टार और कृष्णा हुंडई के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टॉस जीतकर ब्लू स्टार ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कृष्णा हुंडई की टीम ने निर्धारित ओवरों में 83 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू स्टार की टीम ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी की और सिर्फ 6 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
इस मैच के हीरो रहे टेकराम कश्यप, जिन्होंने मात्र 46 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
दूसरा मुकाबला: रिंकेश की ताबड़तोड़ पारी से चमका डी.वी. प्रोजेक्ट
दिन का दूसरा मैच सी.एस.ई.बी ईस्ट और डी.वी. प्रोजेक्ट के बीच खेला गया। डी.वी. प्रोजेक्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। सी.एस.ई.बी ईस्ट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 99 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में डी.वी. प्रोजेक्ट की टीम ने आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
रिंकेश यादव ने इस मुकाबले में 54 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब मिला।
उत्सव जैसा माहौल, विशेष पुरस्कारों ने बढ़ाया जोश
मैचों के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए मध्यंती एसोसिएट की ओर से विशेष पुरस्कार रखे गए, जिसने टूर्नामेंट के माहौल को और भी जोशीला बना दिया। रोमांचक खेल और पुरस्कारों की घोषणा ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाया मान
प्रतियोगिता के चौथे दिन प्रमुख अतिथियों में आरिफ खान, मनोज मिश्रा, हीरा राठौर, दीपक साहू, पवन सिन्हा, तोपचंद बैरागी, जगदीश प्रधान और महेंद्र सिंह शामिल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल की भावना की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
आयोजन में तकनीकी सहयोग ने निभाई अहम भूमिका
मैच उद्घोषक अभिषेक तिवारी की जोशीली और जानदार कमेंट्री तथा स्कोरर शैलेश मसीह की सटीक स्कोरिंग ने आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाई। उनके सहयोग से टूर्नामेंट का हर पल दर्शकों के लिए यादगार बन गया।







