भाजपा स्थापना दिवस पर कोसाबाड़ी मंडल ने चलाया स्वच्छता अभियान, मंत्री लखनलाल देवांगन व कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर परिसर में किया श्रमदान




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को कोसाबाड़ी मंडल द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोरबा के घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर परिसर में संपन्न हुआ, जहां मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर के नेतृत्व में की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन में मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने भी स्वेच्छा से झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीति नहीं, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है, और स्वच्छता इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यकर्ताओं ने परिसर में झाड़ू लगाकर, कचरा हटाकर और पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाकर स्वच्छता का संकल्प लिया। डॉ. राठौर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है, जिसे हम सबको निभाना चाहिए।
इस स्वच्छता कार्यक्रम में मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के अलावा पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश अग्रवाल, भाजपा अ.जा. मोर्चा के जिला संयोजक श्री सरजू अजय, पूर्व पार्षद श्री सुशील गर्ग, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री ललेश दुबे, पार्षदगण श्री पंकज देवांगन, श्री राकेश वर्मा, श्री अजय गोंड, अनिल वस्त्रकार, दिनेश वैष्णव, संजीव सिंह एवं शिव चंदेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि राष्ट्र निर्माण में स्वच्छता की अहम भूमिका है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया।


