भाजपा सक्रीय सदस्यता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, संजय पांडे ने किया कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल *****/ दंतेवाड़ा भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा स्तरीय सक्रीय सदस्यता सम्मेलन का आयोजन रविवार को भाजपा जिला कार्यालय चितालंका में भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा सक्रीय सदस्यता सम्मेलन के संभाग प्रभारी एवं जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा श्री पांडे का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि संजय पांडे, विधायक चैतराम अटामी, जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। श्री पांडे ने अपने वक्तव्य में कहा कि भाजपा ने ‘पंच से पार्लियामेंट’ तक की जो परिकल्पना की थी, उसे दंतेवाड़ा जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने साकार किया है। उन्होंने कहा कि यहां के निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने विषम परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सक्रीय सदस्यों की उपस्थिति यह सिद्ध करती है कि भाजपा ही देश की सबसे बड़ी और राष्ट्रवादी पार्टी है। श्री पांडे ने आपातकाल, धारा 370 और डॉ. मुखर्जी की बलिदान गाथा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक कांग्रेस के कुशासन की सच्चाई पहुँचाएँ।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्यजीत चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला कोषाध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद बचेली के उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी ने किया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, सक्रीय सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


