“जनसेवा के संकल्प के साथ माँ के चरणों में समर्पित जन्मदिवस: मंत्री लखनलाल देवांगन ने सर्वमंगला मंदिर में टेका मत्था, भंडारे में किया जनसेवा का संग”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जन्मदिवस को महज एक उत्सव नहीं, जनसेवा और आस्था का पर्व बना दिया प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने। अपने जन्मदिवस के शुभ अवसर पर उन्होंने कोरबा स्थित ऐतिहासिक और श्रद्धा के केंद्र माँ सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर माँ के चरणों में माथा टेका, पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से सराबोर था। मंदिर समिति की ओर से मंत्री जी का भव्य स्वागत किया गया। प्रमुख प्रबंधक पं. नमन पांडेय (नन्हा महाराज) और मयंक पांडेय ने उन्हें पुष्पगुच्छ, चुनरी व माँ का आशीर्वाद स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहाँ मौजूद श्रद्धालुओं ने जन्मदिवस की बधाइयाँ देते हुए उनके निरोगी, दीर्घायु और सफल जनसेवा जीवन की कामना की।
पूजा के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में मंत्री श्री देवांगन ने न केवल श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया बल्कि स्वयं सेवाभाव से जुड़ते हुए आम लोगों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा—
“माँ सर्वमंगला की कृपा, प्रदेशवासियों का प्रेम और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। यही ऊर्जा मुझे जनसेवा की राह पर अडिग रखती है।”
इस अवसर पर मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रांगण में जन्मदिवस का यह आयोजन केवल एक राजनीतिक शख्सियत का उत्सव नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक प्रेरणा बन गया, जहाँ आस्था, सेवा और जनसंपर्क का त्रिवेणी संगम दिखाई दिया।


