कोरबा में युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला – नाबालिग लड़के के खिलाफ मामला दर्ज, सायबर जांच में बड़ा खुलासा”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले में एक 19 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने एवं आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की पुष्टि हुई है। यह गंभीर घटना दिनांक 01 अप्रैल 2025 को थाना सिविल लाइन अंतर्गत चौकी सीएसईबी क्षेत्र में घटित हुई।
प्रारंभिक जांच एवं सायबर सेल कोरबा की तकनीकी विश्लेषण के अनुसार, युवती का संपर्क लंबे समय से एक नाबालिग लड़के से था। दोनों के मध्य वीडियो कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से नियमित बातचीत होती थी। घटना के दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीव्र विवाद हुआ, जिसके पश्चात युवती ने उस लड़के को आत्महत्या करने की मंशा जताई। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सायबर जांच में सामने आया कि आरोपी बालक लगातार मानसिक दबाव बना रहा था, आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा था और अप्रत्यक्ष रूप से युवती को आत्महत्या के लिए उकसा रहा था। परिजनों की शिकायत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 170/2025, धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर दिनांक 10 अप्रैल 2025 को आरोपी बालक को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान बालक ने अपने कृत्य को स्वीकार किया, जिसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया गया और बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
यह घटना समाज के लिए एक चिंता का विषय है, जिसमें युवाओं की डिजिटल गतिविधियों और संबंधों की निगरानी की आवश्यकता स्पष्ट होती है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किशोरों के मोबाइल और इंटरनेट के प्रयोग पर सतत निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कठोर कदम उठाए जा सकें और ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
कोरबा पुलिस की तत्परता से मामला उजागर, परिजनों और समाज के लिए बड़ा सबक।


