युवाओं की आवाज़: दर्री जोन कार्यालय में व्यायामशाला, इंडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल की मांग



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ आज सरदार वल्लभभाई पटेल नगर क्षेत्र की युवा पीढ़ी की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए एक प्रतिनिधिमंडल ने दर्री जोन कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में सार्वजनिक व्यायामशाला (जिम), इंडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल की स्थापना की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
सरदार वल्लभभाई पटेल नगर, जो कि एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, वहाँ युवाओं की संख्या तो अधिक है लेकिन उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं नहीं हैं। क्षेत्र में न व्यायामशाला है, न इंडोर खेल सुविधाएं, और न ही स्विमिंग पूल जैसी स्वास्थ्यवर्धक संरचनाएं मौजूद हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस तरह की सुविधाओं के अभाव में युवाओं की खेल प्रतिभाएं दब रही हैं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। यदि प्रशासन इन सुविधाओं की स्थापना सुनिश्चित करता है, तो न केवल युवाओं को उचित मंच मिलेगा, बल्कि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेकर नगर का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश सदस्य आईटी विभाग लकी नंदा, वार्ड क्रमांक 58 के पार्षद पति सोनू भैया और वार्ड क्रमांक 56 के पार्षद विनम्र तिवारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रशासन से अपील की कि इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं को उनके हक की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
#सुशासन_तिहार



