August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ को समृद्धि और सुशासन की ओर ले जा रही भाजपा सरकार: सीएम विष्णुदेव साय”

1 min read

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, अध्यक्षता कर रहे प्रदेश मंत्री केदारनाथ कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंचासीन थे।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को भाजपा स्थापना दिवस एवं राम नवमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज देशभर में कमल खिल चुका है और आगे भी खिलता रहेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस ऐतिहासिक कथन को उद्धृत किया जिसमें उन्होंने कहा था— “अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”। श्री साय ने कहा कि आज वही सपना साकार हो रहा है। भाजपा न केवल देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, बल्कि अब वह जनविश्वास की प्रतीक बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की यह सफलता वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं और उनके नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” की नीति के साथ सरकार काम कर रही है। श्री साय ने केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक का खात्मा, राम मंदिर निर्माण और वक्फ बोर्ड विधेयक जैसे निर्णय ऐतिहासिक हैं।

 

छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य की 3 करोड़ जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। हाल ही के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 54 सीटें मिलीं और पंचायत-निगम चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन हुआ। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिला है, भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रुपये सालाना सहायता दी जा रही है, और तेंदूपत्ता की खरीदी अब 5,500 रुपये में की जा रही है।

भाजपा एक यूनिवर्सिटी की तरह: पवन साय

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचारधारा और एक यूनिवर्सिटी है, जहाँ हर कोई कुछ न कुछ सीख सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नींव परिश्रम और सिद्धांतों पर टिकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ काम करें।

नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य: केदारनाथ कश्यप

प्रदेश मंत्री केदारनाथ कश्यप ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनना हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय को अधिकार मिले हैं और छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई है।

कार्यकर्ताओं को जानना चाहिए जनसंघ का इतिहास: बृजमोहन अग्रवाल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंघ और भाजपा का इतिहास हर कार्यकर्ता को जानना चाहिए। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया और कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देती है।

विशेष उपस्थिति और संचालन:
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सत्यम दुआ ने किया। इस मौके पर विधायक राजेश मूणत, सांसद सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने स्वागत भाषण में स्थापना सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत की।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.