विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ कोरबा में नवरात्र पंडुम जंवारा विसर्जन का भव्य आयोजन



भारी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने सपरिवार शामिल होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया नवरात्र उत्सव का समापन, भोग-भंडारे और जसगायन की रही धूम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, छत्तीसगढ़ ****/ – विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ कोरबा में नवरात्र पर्व के अवसर पर पारंपरिक पंडुम जंवारा विसर्जन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान में आदिवासी समाज के लोगों ने भारी संख्या में सपरिवार सहभागिता की। नवरात्रि के नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन भोग, भंडारा, प्रसाद वितरण, जसगायन और सेवा गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
अनेक श्रद्धालु परिवारों ने मनोकामना जोत कलश जलाए और जंवारा रोपण कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम की अगुवाई मुठवा मांझी द्वारा की गई, जिन्होंने पारंपरिक मान्यताओं और विधि-विधान के अनुसार पूजा सेवा कार्यक्रम को सम्पन्न कराया।
इस आयोजन को सफल बनाने में जंगो रायतार मातृशक्ति संघ की विशेष सहभागिता रही। आयोजन समिति और शक्ति पीठ कार्यकारिणी में प्रमुख रूप से मोहन सिंह प्रधान, शिवनारायण सिंह कंवर, एम.पी. सिंह, गंगा सिंह कंवर, रमेश सिरका, निर्मल सिंह राज, विक्रम सिंह कंवर, गेंदलाल सिदार, पुलिस मांझी तथा घसिया मांझी सहित कई अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस मौके पर उपस्थित जनसमुदाय ने भोग-भंडारे व प्रसाद का आनंद लिया और एकजुट होकर अपनी संस्कृति व परंपराओं को गौरवान्वित किया। आयोजन ने यह सिद्ध किया कि आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सामूहिकता आज भी जीवंत और प्रेरणास्पद है।


