August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

विश्व शांति अखंड ब्रह्म यज्ञ में मुख्यमंत्री साय की श्रद्धा भरी उपस्थिति, जनसेवा और आध्यात्मिकता का संदेश

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 28 मार्च 2025 छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गॉस मेमोरियल ग्राउंड में आयोजित त्रिदिवसीय ‘विश्व शांति अखंड ब्रह्म यज्ञ’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना भारतीय सनातन परंपरा की आत्मा है और यही सोच हमें विश्व में विशिष्ट बनाती है।

सनातन परंपरा को कोई आघात नहीं डिगा सका

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ऋषियों, मुनियों और संतों की तपोभूमि रहा है। समय-समय पर सनातन परंपरा को चुनौतियाँ मिलीं, लेकिन यह कभी विचलित नहीं हुई। उन्होंने इस आयोजन को सनातन परंपरा को और सुदृढ़ करने की प्रेरणादायी पहल बताया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आलेख महिमा धर्म विकास समिति द्वारा आयोजित यह यज्ञ, सनातन धर्म की महानता को और अधिक प्रतिष्ठित करने का कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने संतों से अपने आत्मीय संबंधों का जिक्र करते हुए बताया कि जशपुर, रायगढ़, सरिया और हिमगिर में संतों के आश्रम स्थापित हैं और रायपुर में भी आश्रम के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से श्रद्धालुओं का सपना हुआ साकार

मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ को पुनः प्रारंभ कर दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बंद कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि बीते दिन ही 780 श्रद्धालुओं का जत्था तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ जो रामेश्वरम, मदुरई और तिरुपति के दर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान है।

‘श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना’ से अब तक 22,000 श्रद्धालु लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ‘श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना’ के तहत अब तक 22,000 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने राजिम कुंभ के आयोजन का भी उल्लेख किया, जिसे प्रदेश की अध्यात्मिक पहचान बताया।

संतों और जनप्रतिनिधियों ने सराहा आयोजन

इस कार्यक्रम में संत श्री किशोर चंद्र बाबा, संत श्री वासुदेव बाबा और संत श्री उदयनाथ बाबा सहित अनेक संत-महात्माओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके अलावा विधायकगण श्री पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और संपत अग्रवाल ने भी आयोजन की सराहना की और इसे प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक उत्थान का महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने अध्यात्म और भक्ति में डूबकर यज्ञ की पावन आहुति अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.