July 22, 2025

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोयला व्यापार की रंजिश में बढ़ी हिंसा, एक की मौत, क्षेत्र में तनाव

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  पाली क्षेत्र में कोयला व्यापार से उपजी प्रतिस्पर्धा अब हिंसा का रूप ले चुकी है। सरायपाली खदान के पास शुक्रवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जिससे एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के सहयोगियों पर हमला कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, एक आरोपी के घर में घुसकर उसके भाई के साथ मारपीट की गई और उसे हाथ-पैर बांधकर प्रताड़ित किया गया। इसके अलावा, एक अन्य व्यक्ति के पिता को भी सड़क पर रोककर पीटा गया। इस झड़प में कई निर्दोष लोग भी प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। देर रात पुलिस कप्तान के नेतृत्व में एक टीम ने विनायक हॉस्पिटल में छापा मारा और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को सुरक्षित निकालकर कटघोरा अस्पताल में भर्ती कराया।

निष्पक्ष जांच की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। आम जनता पुलिस से मांग कर रही है कि निष्पक्ष जांच हो और निर्दोष लोगों को प्रताड़ित न किया जाए। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि सटीक जानकारी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

कोयला व्यापार में बढ़ती रंजिश

सरायपाली खदान के संचालन के बाद से ही कोल ट्रांसपोर्ट से जुड़े गुटों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा था। पहले जो लोग साथ थे, वे अब आपसी रंजिश में बदल चुके हैं। खदान से कोयला ग्रेडिंग, लोडिंग और ट्रांसपोर्ट के आर्थिक हितों को लेकर यह विवाद लगातार बढ़ता गया। स्थानीय प्रशासन और संबंधित संगठनों की अनदेखी के कारण यह टकराव हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया।

अब जब इस विवाद में एक जान जा चुकी है, तो पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.