कोरबा जिले के पाली, छुरी, बांकीमोंगरा और दीपका में नवनिर्वाचित अध्यक्षों और पार्षदों ने ली शपथ, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा अपनी पारंपरिक वेशभूषा में रहे




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा जिले में नगरीय निकाय चुनावों के तहत पाली, छुरी, बांकीमोंगरा और दीपका क्षेत्र के नवनिर्वाचित अध्यक्षों और पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा अपनी पारंपरिक धोती-कुर्ता में उपस्थित होकर उनके पारंपरिक वेशभूषा में आगमन ने कार्यक्रम में एक विशेष ऊर्जा का संचार किया

इस शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक प्रेमचंद पटेल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

नगर पंचायत पाली में एसडीएम सीमा पात्रे ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय जायसवाल और पार्षदों को शपथ दिलाई। नगर पंचायत छुरी में एसडीएम कटघोरा रोहित सिंह ने अध्यक्ष पद्मिनी प्रीतम देवांगन और पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोनी झा, तथा नगर पंचायत दीपका में अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत और पार्षदों को भी एसडीएम रोहित सिंह ने शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार” के सहयोग से नगरीय निकायों में अभूतपूर्व विकास होगा। उन्होंने कहा कि वार्डों में तेजी से विकास कार्यों को लागू किया जाएगा और जनता की सहभागिता से ग्राम से लेकर शहर तक विकास की गंगा बहेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता की सेवा को ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर शहर और वार्डों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इस समारोह में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


