March 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में कोरबा की संजू का चयन, छत्तीसगढ़ से पहली अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनीं

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी यादव का चयन छठवीं सीनियर वूमेन एशियन कबड्डी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित स्पर्धा 4 से 9 मार्च तक तेहरान (ईरान) में आयोजित हो रही है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ से किसी कबड्डी खिलाड़ी का इंटरनेशनल स्पर्धा में यह पहला चयन है, जिससे पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।

भारतीय टीम के साथ संजू 1 मार्च को ईरान के लिए रवाना हो गईं। केराकछार पाली की रहने वाली संजू के पिता रामजी यादव वाहन चालक हैं, जबकि उनकी माता अमरिका बाई यादव गृहिणी हैं। संजू ने 2016 में कबड्डी खेलना शुरू किया था। पहली बार जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें ग्राम तिवरता में आयोजित एक स्पर्धा में खेलते हुए देखा था, जिसके बाद उन्हें कबड्डी संघ के क्लब में खेलने का मौका दिया गया।

संघ के कोच अनुज प्रताप सिंह के अनुसार, संजू गवर्नमेंट कॉलेज कटघोरा में सेकेंड ईयर की छात्रा हैं। वह आईटीआई की पढ़ाई के दौरान लाल मैदान, दर्री में अभ्यास करती थीं। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते बहतराई (बिलासपुर) की खेल अकादमी में उनका चयन हुआ, जहां उन्होंने अपनी कबड्डी तकनीक को और निखारा।

हरियाणा में आयोजित नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद संजू को भारतीय टीम में जगह मिली। तिवरता कबड्डी स्पर्धा आयोजन समिति के हरिशंकर दुबे और जिला कबड्डी संघ के बसंत शर्मा ने इसे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया है।

संजू की प्रतिभा को देखते हुए रायगढ़ के राजेश पटनायक ने 6 साल पहले 2 लाख रुपए की सहायता से कबड्डी मैट उपलब्ध कराई थी, जिस पर अब अन्य खिलाड़ी भी अभ्यास कर रहे हैं। उनके इस योगदान से संजू का खेल और निखरा और अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.