March 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

महाशिवरात्रि पर शिव परिवार दुरपा रोड ने धूमधाम से निकाली भोलेनाथ की बारात

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री शिव परिवार काली मंदिर, दुरपा रोड के द्वारा लगातार दसवें वर्ष भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। भगवान भोलेनाथ की बारात को आकर्षक झांकियों और भक्तिमय माहौल के साथ निकाला गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

बारात की शुरुआत 26 फरवरी, बुधवार को पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर से पूजन-अर्चन के बाद हुई। यह भव्य शोभायात्रा पावर हाउस रोड होते हुए मुख्य मार्ग पर पहुंची, जहां श्री राम मंदिर, पुराना बस स्टैंड में देव पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात बारात विवाह स्थल, मां काली मंदिर परिसर, दुरपा रोड के लिए रवाना हुई।

इस भव्य आयोजन में दिल्ली, मथुरा, कानपुर के सनी शुक्ला की टीम ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जबकि 21 मुखी काली, बाहुबली हनुमान, कटा सिर वाला राक्षस और डबल सिर के कलाकारों ने अपनी अद्भुत झांकियों से श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया। कोलकाता, बिलासपुर, नागपुर और पंजाब से आए ढोल कलाकारों—नदीम शेरा के ढोलवादकों ने जबरदस्त समा बांधा।

आकर्षक लोक नृत्य “कर्मा” की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही, वहीं अनीस ग्रुप के झांकी कलाकारों ने तांडव नृत्य और भूत-प्रेतों को बाराती बनाकर भक्तों का भरपूर मनोरंजन किया। कोरबा के कलाकार भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल हुए।

पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुनील गुप्ता, श्यामल मलिक, दुरपा रोड के समस्त निवासियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध इवेंट डायरेक्टर सत्या जायसवाल की अहम भूमिका रही।

आज, 27 फरवरी को इस भव्य आयोजन का समापन मनेंद्रगढ़ के प्रसिद्ध “जय माता दी जागरण मंडल” (सचिन तिवारी) और मेरठ-कानपुर से आए झांकी कलाकारों की प्रस्तुति के साथ किया जाएगा। इसके बाद भोग-भंडारे का आयोजन होगा।

श्री शिव परिवार दुरपा रोड ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस पावन आयोजन में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का निवेदन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.