August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पाली महोत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की गूंज, शिव भक्ति में डूबा पूरा क्षेत्र

1 min read

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा पाली,*****/ कोरबा: महाशिवरात्रि के अवसर पर कोरबा जिले के ग्राम केराझरिया में आयोजित पाली महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, जिला कलेक्टर अजीत वसंत सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पाली महोत्सव को क्षेत्रवासियों की गौरवशाली परंपरा बताते हुए इसे भव्य रूप में आगे बढ़ाने की बात कही।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
पाली महोत्सव में राष्ट्रीय व स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी कला-संस्कृति से सराबोर प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध गायक सुनील सोनी ने छईयां भुइंया, झन भूलो मां बाप ला जैसे लोकप्रिय गीतों से समा बांधा। शास्त्रीय गायिका मैथिली ठाकुर ने अरपा पैरी की धार सहित भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। स्थानीय कलाकार अनीस एवं उनकी टीम ने भी शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

खेल और प्रतियोगिताओं में उत्साह
महोत्सव के तहत साइकिल दौड़ प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, खेल क्षेत्र में पाली का नाम रोशन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

पाली महोत्सव: संस्कृति और भक्ति का संगम
सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत ने इस अवसर पर कहा कि महाशिवरात्रि आस्था और संस्कृति का पर्व है, जो लोगों को एकजुट करता है। वहीं, विधायक तुलेश्वर मरकाम ने आमजन से इस महोत्सव का आनंद लेने की अपील की।

पाली महोत्सव ने शिव भक्ति, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक लोककला को भव्य रूप में प्रस्तुत किया, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.