बालको नगर में धूमधाम से मना माता परमेश्वरी महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। बालको क्षेत्र में देवांगन समाज द्वारा आयोजित माता परमेश्वरी महोत्सव नगरवासियों के उत्साह और श्रद्धा के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माता परमेश्वरी की कलश यात्रा से हुई, जो मंदिर प्रांगण से उत्सव वाटिका तक निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधानों में माता के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोह लिया मन
महोत्सव में माता परमेश्वरी की पूजा-अर्चना, आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। राजकीय गीत “अरपा पैरी के धार” के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें बच्चों और महिलाओं ने तबला वादन, गीत, संगीत और लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह
महोत्सव के दौरान समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी आयोजित किया गया। इसमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष डोमन लाल देवांगन और अध्यक्षा तनु प्रिया देवांगन ने अपने उद्बोधन से समाज को मार्गदर्शन दिया। वहीं, पूर्व अध्यक्ष हरीश देवांगन और पूर्व अध्यक्षा किरण देवांगन को उनके सराहनीय कार्यकाल के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन लोकेश देवांगन ने किया, जबकि समापन और आभार प्रदर्शन अर्जुन देवांगन ने किया।
समाज के इस भव्य आयोजन ने नगरवासियों के बीच एकता और संस्कृति के प्रति प्रेम का भाव जागृत किया।



