दंतेवाड़ा के सभी पांच नगरीय निकायों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा ****| विधायक चैतराम अटामी के नेतृत्व में दंतेवाड़ा जिले के तीन नगरपालिकाओं और दो नगर पंचायतों में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। इस चुनाव में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला, और पहली बार भाजपा ने जिले के सभी नगरीय निकायों पर अपना परचम लहराया है।
विधायक चैतराम अटामी ने इस जीत को जनता के विश्वास और प्रदेश के विकास का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मेहनत का परिणाम पार्टी की ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व को जीत का आधार बताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना, किसानों के हित में लिए गए फैसले और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के कारण जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है।
विधायक अटामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास न कोई मुद्दा बचा है और न ही नेतृत्व। कांग्रेस अब केवल अफवाहों की राजनीति करने वाली पार्टी रह गई है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में हुए पीएससी घोटाले और युवाओं के साथ हुए छल का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने भी इस प्रचंड जीत पर सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है।
इस ऐतिहासिक जीत से भाजपा को नगरीय निकायों में विकास को नई गति देने का अवसर मिला है, जिससे दंतेवाड़ा जिले में बुनियादी सुविधाओं और जनहितकारी योजनाओं का और अधिक प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा।


