बीजापुर मुठभेड़: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायल जवानों से की मुलाकात, सरकार ने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ का दिया आश्वासन




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर, **** – बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में 9 फरवरी को सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए बड़े ऑपरेशन में 31 वर्दीधारी नक्सली ढेर हो गए। इस महत्वपूर्ण अभियान में सुरक्षाबलों ने कई हथियार बरामद किए, लेकिन इस दौरान 2 वीर जवान शहीद हो गए और 5 जवान घायल हो गए।
आज छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा घायल जवानों से मिलने रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जवानों से बातचीत कर उनकी बहादुरी को सराहा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा, “आपकी वीरता और समर्पण से ही प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिल रही है। पूरा प्रदेश आपके साथ खड़ा है।”
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि सरकार घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह मुठभेड़ नक्सलवाद के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक रही है। जिस क्षेत्र को नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता था, वहां जवानों ने अद्भुत पराक्रम दिखाते हुए दुश्मनों को करारा जवाब दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।


