February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


त्रिनेत्र टाइम्स   कोरबा-पश्चिम में एसईसीएल दीपका कोयला खदान विस्तार अंतर्गत अब गवर्नमेंट ग्राम्य भारती हरदीबाजार महाविद्यालय परिसर से महज 30 मीटर दूर कोयला खनन करने ब्लास्टिंग की जा रही हैं। छात्रों और प्राध्यापकों के साथ मिलकर कोयला खनन कार्य का विरोध जताया और खनन में लगी पोकलेन मशीनों को बंद कराया। महाविद्यालय के समीप कोयला निकालने तीन दिन से चल रही खुदाई पर नाराजगी जाहिर की। कोयला निकालने मिट्टी का खनन कार्य बंद होने की जानकारी मिलने पर एसईसीएल दीपका क्षेत्र के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। महाविद्यालय परिसर के समीप खनन कार्य से नाराज छात्रों और प्राध्यापकों से चर्चा की। छात्रों व प्राध्यापकों का कहना था कि पिछले तीन दिनों से खनन कार्य महाविद्यालय के परिसर के समीप जारी है। इससे कभी भी अनहोनी घटना घट सकती है, क्योंकि खनन कार्य के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। यह उनकी जान से खिलवाड़ है। विरोध करने पहुंचे छात्रों और प्राध्यापकों ने 5 पोकलेन मशीन जिससे मौके पर खुदाई कर मिट्टी को हटाया जा रहा था उनको बंद करा दिया गया। लगभग 3 घंटे तक खनन कार्य का विरोध जताने के बाद एसईसीएल दीपका क्षेत्र के अधिकारियों के आश्वासन पर लौटे। बताया कि कोयला खनन का कार्य दीपका खदान में नियोजित आडटसेंसिंग निजी कंपनी को मिट्टी हटाने का काम एसईसीएल प्रबंधन ने ठेके पर दे रखा है।
* प्रबंधन ने खनन की सूचना भी नहीं दी : प्रभारी प्राचार्य
हरदीबाजार कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य अखिलेश पांडे का कहना है कि एसईसीएल प्रबंधन ने खनन की सूचना भी नहीं दी और कॉलेज से लगे कैंपस में मिट्टी हटाने के काम शुरू करा दिया। जिसमे ब्लास्टिंग की जा रही है। 2 हजार छात्रों, प्राध्यापकों सहित लगभग 80 महाविद्यालयीन कर्मचारी ने इसका विरोध जताया।
* दो साल पहले दिया मुआवजा परंतु अब तक नहीं किया खाली : जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीष चंद्र
एसईसीएल बिलासपुर के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीष चंद्र ने बताया कि 1 जनवरी 2022 को कुल 4 करोड़ 1 लाख 72 हजार 696 रुपए मुआवजा का भुगतान कर दिया गया है, लेकिन अब तक हरदीबाजार महाविद्यालय का भवन खाली नहीं किया है। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीष चंद्र ने आगे कहा कि ऊपर से प्रदर्शन कर दबाव बनाना चाहते हैं। यह सर्वथा अनुचित है। हम फिर कहेंगे कि नियमानुसार मुआवजा प्राप्त कर लेने के बाद भवन खाली कर दें। उन्होंने आगे कहा कि इसे किसी भी प्रकार का भावनात्मक मुद्दा बनाना अतार्किक है। यह उचित प्रतीत भी नहीं होता।
* अप्रिय घटना पर एसईसीएल प्रबंधन होगा जिम्मेदार
हरदीबाजार महाविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रमेश अहीर ने ज्ञापन में कहा है कि किसी भी अप्रिय घटना पर एसईसीएल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। महाविद्यालय के नजदीक खनन अध्ययनरत छात्रों की जान से खिलवाड़ करना है।
* पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से करेंगे चर्चा : कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने इस मामले में कहा हैं कि कॉलेज प्रबंधन ने खनन कार्य से आ रही समस्या से अवगत कराया गया है। नए महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य को लेकर भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से चर्चा कर जानकारी लेंगे।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.