April 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


* जमा की पावती दी लेकिन रकम जमा नहीं की
त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा  बैंक से 5 लाख रुपए का गबन करने का कथित फरार आरोपी कैशियर पर कई ग्राहकों को भी चूना लगाने का आरोप लगाया जा रहा हैं।
जानकारी के अनुसार उसने ग्राहकों द्वारा जमा करने के लिए दी जाने वाली राशि की जमा पावती तो दी लेकिन खातों में रकम जमा नहीं किया। हाल ही में उसके विरुद्ध शाखा प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद और मामले सामने आए हैं। जिस पर एक और एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है। सिविल लाइन थाना अंतर्गत घंटाघर चौक के निकट संचालित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक की शाखा में कार्यरत रहे कथित फरार आरोपी कैशियर के विरुद्ध ग्रामीण खाता धारक ने 71 हजार रुपए गबन करने की रिपोर्ट दर्ज कराया है।
पीडि़त ने बताया कि उसने इस बैंक में अपना खाता ट्रेक्टर वाहन की फायनेंस रकम की कटौती के लिए खुलवाया है। 18 जुलाई को अपने खाता में 71 हजार रुपए जमा कर पावती कैशियर से ली थी। किश्त की यह राशि 5 अगस्त को कटना था लेकिन बैंक खाता में 71 हजार रुपए जमा नहीं होने के कारण किश्त का राशि नहीं कटा। जब बैंक में जाकर पता किया तो उसके खाता में उक्त राशि जमा नहीं दिखा रहा है। कैशियर के द्वारा राशि जमा न कर गबन कर लिया गया है। मैनेजर ने बताया कि कैशियर बैंक नहीं आ रहा है और प्रार्थी के साथ-साथ अन्य कई लोगो का भी रकम जमा न कर नगद लेकर भाग गया है। सिविल लाइन पुलिस ने रंजीत की रिपोर्ट पर उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 316 (5), 318 (4) के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर विवेचना जारी रखी है।
* पहले भी हो चुकी है एफआईआर
गौरतलब है कि पिछले दिनों 1 अगस्त को सुबह 11 बजे के बाद भी जब कैशियर बैंक में नहीं पहुंचा तो कामकाज के लिए इक्विटास स्माल फाइनेंस बैंक से डुप्लीकेट चाबियां निकालने के लिए कलस्टर हेड से अनुमति ली गई। जब बैंक का कैश बॉक्स खोला गया और नगदी की गिनती की गई तो 5 लाख रुपए कम पाए गए। इस दौरान कैशियर से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया जाता रहा लेकिन संपर्क नहीं हो सका। कैशियर के कारण बैंक को वित्तीय हानि और अपूरणीय क्षति होने से उसके विरुद्ध शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर धारा 316 (5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना व पतासाजी किया जा रहा है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.