February 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 


त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा जिले को मोतियाबिंद दृष्टिहीनता से मुक्त करने के लिए कोरबा जिला कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग का नेत्र चिकित्सा विभाग लगातार प्रयासरत् है।
डॉ. केशरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के मौसम में मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा नहीं कराने की व्याप्त गलत धारणा के कारण केवल सर्दियों में मोतिबिंद की शल्य चिकित्सा कराया जाता है। उन्होंने बताया कि यह धारणा निराधार है जिससे उपचार में अनावश्यक देरी हो सकती है साथ ही आगे और दृष्टिगत समस्या हो सकती है।
सीएमएचओ डॉ. केशरी ने बताया कि दूर या पास का कम दिखाई देना, गाड़ी ड्राइव करने में समस्या और दूसरे व्यक्ति के चेहरे के भावों को न पढ़ पाना आँखों में मोतियाबिंद विकसित होने के लक्षण हैं। चश्मे या लेंस से स्पष्ट दिखाई न देने पर शल्य चिकित्सा ही एकमात्र विकल्प बचता है जिसकी सलाह आवश्यकता पड़ने पर नेत्र विशेषज्ञों द्वारा दी जाती है।
डॉ. सुमित गुप्ता, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम ने बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत् मरीजों का मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा तथा गुणवत्तापूर्ण दवाई तथा देखभाल करने के साथ ही वनांचल एरिया तथा दुर्गम क्षेत्र के मरीजों को अस्पताल तक लाना शामिल है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाभ लेते हुए ग्राम पोंड़ी-उपरोड़ा के 55 ग्रामीण मरीजों ने मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा कराई, जो कि यह दर्शाता है कि लोगों की केवल सर्दियों में शल्य चिकित्सा कराने की धारणा बदल रही है। मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा बिल्कुल भी दर्दनाक नहीं होती है। यह लगभग सुरक्षित शल्य चिकित्सा है और इसकी सफलता की दर भी काफी अच्छी है।
सीएमएचओ डॉ. केशरी ने जिले के नागरिको से अपील करते हुए कहा कि किसी विशेष मौसम या समय की प्रतीक्षा करते हुए आवश्यक उपचार या शल्य चिकित्सा को स्थगित ना करें। मोतियाबिंद के इलाज में देरी करने से दृष्टि संबंधी समस्या और अधिक बिगड़ सकती है। इससे आपके दैनिक जीवन पर इसका हानिकारक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि आँखों में कोई समस्या हो तो संपूर्ण जांच के लिए नेत्र चिकित्सक से परामर्श लें और मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा के संबंध में उनके मार्गदर्शन पर ध्यान दें। जिले के मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय कोरबा में मोतियाबिंद जांच और शल्य चिकित्सा की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। साथ ही इस दृष्टिगत समस्या के संबंध में नेत्र चिकित्सकों, नेत्र सहायक अधिकारियों एवं चिकित्सालयीन कर्मचारियों को विषेष रूप से प्रोत्साहित भी किया गया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.